एशियन गेम्स में 2 मिनट में भारत को गोल्ड-सिल्वर

नईदिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में 25 सितंबर का दिन भारत के लिए शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने शूटिंग में दो पदक अपने नाम किए, जिसमें एक गोल्ड और एक सिल्वर शामिल है। वहीं कबड्डी में भारत की महिला और पुरुष दोनों टीमों ने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली है। इसके अलावा स्क्वॉश में भी भारत के खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर लिया है।

शूटिंग में भारत को गोल्ड और सिल्वर

शूटिंग में भारत ने दिन की शुरुआत स्वर्ण पदक के साथ की। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में कमलजीत और सुरूची इंदर सिंह की भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फाइनल में भारतीय जोड़ी ने 484.6 अंक हासिल किए और एशियन रिकॉर्ड के साथ पहला स्थान हासिल किया।

इसके बाद पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार की तिकड़ी ने सिल्वर मेडल जीता। शूटिंग के इन दोनों पदकों के साथ भारत की कुल पदक संख्या 19 हो गई है।

भारत के खाते में अब 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल हैं।

कबड्डी में भारत की डबल एंट्री

कबड्डी में भी भारतीय टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। महिला टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। महिला टीम के बाद पुरुष कबड्डी टीम ने भी फाइनल का टिकट कटाया। भारत ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-28 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ पुरुष टीम भी गोल्ड मेडल के मुकाबले में पहुंच गई। अब दोनों भारतीय टीमें स्वर्ण पदक के लिए मैदान में उतरेंगी।

हॉकी में भी भारत की जीत

महिला हॉकी में भारत ने जापान को 3-1 से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। इस जीत से भारतीय टीम का अभियान मजबूत हुआ है। इसके अलावा टेबल टेनिस में भी भारतीय खिलाड़ियों से पदक की उम्मीदें बनी हुई हैं।

स्क्वॉश में भी पदक पक्का

स्क्वॉश में भारत को एक और बड़ी सफलता मिली। अनाहत सिंह ने महिला सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में तन्वी खन्ना को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। उनके सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ भारत का एक और पदक पक्का हो गया। पुरुष वर्ग में अभय सिंह ने भी जापान के रयूनोसुके त्सुकुए को 3-0 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। इस तरह स्क्वॉश में भारत की पदक की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।

19 पदकों तक पहुंचा भारत

25 सितंबर को शूटिंग में मिले दो पदकों के बाद भारत की कुल पदक संख्या 19 हो गई है। इनमें 2 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। कबड्डी की दोनों टीमों के फाइनल में पहुंचने और स्क्वॉश में पदक पक्का होने के बाद भारत की पदक संख्या में आगे और इजाफा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button