Trending

 न्यूयॉर्क में स्कूल बस खाई में गिरी, दो की मौत, पांच गंभीर

न्यूयॉर्क। फार्मिंगडेल हाई स्कूल की एक बस गुरुवार दोपहर स्थानीय समयानुसार करीब 1:12 बजे राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर 50 फीट नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। अन्य दर्जनों घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल और फार्मिंगडेल स्कूल डिस्ट्रिक्ट के प्रवक्ता जेक मेंडलिंगर के हवाले से दी गई है।

कैथी होचुल ने साफ किया है कि मृतकों में कोई विद्यार्थी शामिल नहीं है। यह हादसा न्यू ऑरेंज काउंटी में हुआ। सबसे पहले बचाव कर्मियों की मदद से छात्रों को बस से निकाला गया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के लिए शहर शोक में डूबा हुआ है।

मीडिया रिपोर्ट्स में न्यूयॉर्क पुलिस के लेफ्टिनेंट कर्नल रिचर्ड एल मैजोन के हवाले से कहा गया है कि यह बस फार्मिंगडेल हाई स्कूल के 40 छात्रों और चार वयस्कों को ले जा रही थी। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मैजोन ने कहा कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि बस के आगे के टायर में खराबी की वजह से यह दुर्घटना हो सकती है। फार्मिंगडेल हाई स्कूल के प्रवक्ता जेक मेंडलिंगर ने कहा कि बस बैंड कैंप के लिए ग्रीले (पेंसिल्वेनिया) जा रही थी।

Related Articles

Back to top button