
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा और विधान परिषद की कुल 21 सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। इनमें राज्यसभा की 10 और विधान परिषद की 11 सीटें शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही विधान परिषद चुनाव से जुड़े क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्तूबर रखी गई है। 7 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 16 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 19 अक्तूबर तक पूरी की जानी है।
10 राज्यसभा सीटों पर बदलेंगे सदस्य
उत्तर प्रदेश की इन 10 राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें अरुण सिंह, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, नीरज शेखर, बृजलाल, प्रो. राम गोपाल यादव, रामजी, बीएल वर्मा, सीमा, हरदीप सिंह पुरी और डॉ. दिनेश शर्मा की सीट शामिल है। डॉ. दिनेश शर्मा की सीट उनके उपराज्यपाल नियुक्त होने के कारण 11 सितंबर से ही रिक्त है।
विधान परिषद की 11 सीटों का भी कार्यक्रम
विधान परिषद की पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक सीटों के लिए भी चुनाव होगा। इन सीटों पर 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। 6 अक्तूबर तक नामांकन, 7 अक्तूबर को जांच और 9 अक्तूबर तक नाम वापसी होगी। विधान परिषद के लिए 23 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी और चुनाव प्रक्रिया 31 अक्तूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
तीन जिलों को छोड़कर पूरे यूपी में आचार संहिता
विधान परिषद चुनाव को लेकर कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार यह व्यवस्था चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रभावी रहेगी।
राज्यसभा चुनाव में विधानसभा सदस्य मतदान करेंगे, जबकि विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता मतदान करेंगे।



