बिग बॉस 20 पर भड़के सुनील पाल

मुंबई। रियलिटी शो बिग बॉस 20 इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। सलमान खान इस सीजन को होस्ट कर रहे हैं। हाल ही में शो में सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर सलमान खान का गुस्सा देखने को मिला था। अब कॉमेडियन सुनील पाल ने बिग बॉस और इसके होस्ट सलमान खान को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने शो को बंद करने तक की अपील कर डाली है।

सुनील पाल ने बिग बॉस को लेकर क्या कहा?

सुनील पाल ने पैपराजी से बातचीत के दौरान बिग बॉस पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शो में नजर आने वाले लोगों और इसके कंटेंट को लेकर सवाल उठाए। सुनील पाल ने कहा कि शो से जुड़े लोगों को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाना चाहिए, फिर चाहे वह सलमान खान हों या कोई कंटेस्टेंट। कॉमेडियन ने बिग बॉस के लिए बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए इसे ‘गटर शो’ और ‘कलंकित’ शो बताया। उन्होंने सलमान खान से अपील की कि वह इस शो को बंद कराने की दिशा में कदम उठाएं।

सलमान खान को भी दी सलाह

सुनील पाल ने अपनी बात सिर्फ बिग बॉस तक सीमित नहीं रखी। उन्होंने सलमान खान समेत फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारों को भी निशाने पर लिया। उनका कहना था कि बड़े कलाकारों को दर्शकों की वजह से स्टारडम मिला है और उन्हें दर्शकों की भावनाओं को समझना चाहिए। उन्होंने सलमान खान को संबोधित करते हुए कहा कि पहले बिग बॉस को बंद किया जाए। सुनील पाल ने शो में आने वाले कुछ प्रतिभागियों और वहां दिखाई जाने वाली गतिविधियों पर भी आपत्ति जताई।

सलमान खान ने हाल में ट्रोलिंग पर दिया था जवाब

दरअसल, ‘बिग बॉस 20’ के हालिया वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान सोशल मीडिया ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग को लेकर नाराज नजर आए थे। उन्होंने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए मंच पर अपनी टी-शर्ट उतार दी और उन्हें अपनी मर्जी से ट्रोल करने की चुनौती दी। इस दौरान उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर होने वाली नकारात्मक टिप्पणियों पर भी अपनी बात रखी।

फिल्मों की कमाई पर भी बोले सुनील पाल

सुनील पाल ने अपनी बातचीत के दौरान बॉलीवुड फिल्मों की कमाई को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कम बजट की फिल्में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, जबकि बड़े बजट और बड़े सितारों वाली कुछ फिल्मों को दर्शकों से उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। उन्होंने सलमान खान, अक्षय कुमार और शाहरुख खान जैसे सितारों को भी अपनी बातों से सबक लेने की सलाह दी। सुनील पाल के इन बयानों के बाद बिग बॉस और सलमान खान को लेकर मनोरंजन जगत में चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button