डीजे के शोर में थमी 7 साल की बच्ची की सांस

बलरामपुर। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे DJ के बीच स्कूल में सात वर्षीय बच्ची की तबीयत बिगड़ने और मौत की घटना के बाद बलरामपुर में बड़ा फैसला लिया गया है। घटना से आहत शहर में मंगलवार को नगर पालिका में सर्व समाज की बैठक हुई। बैठक में धार्मिक, सामाजिक और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में नगर क्षेत्र में तेज आवाज वाले DJ पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।

स्कूल में अचानक बिगड़ी थी बच्ची की हालत

मामला बलरामपुर के डिवाइन पब्लिक स्कूल का है। यहां कक्षा दो में पढ़ने वाली सात वर्षीय वैष्णवी तिवारी सोमवार को स्कूल में थी। करीब 11 बजे स्कूल के पास से गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस गुजरा। इस दौरान तेज आवाज में DJ बज रहा था।

बताया गया कि DJ की आवाज इतनी तेज थी कि स्कूल की खिड़कियों के शीशों में भी कंपन महसूस किया गया। CCTV फुटेज के मुताबिक, बच्ची कुछ देर तक असहज नजर आई और इसके बाद वह अपनी सीट पर ही बेहोश होकर गिर गई। शिक्षकों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन बार असहज हुई वैष्णवी, CCTV में घटना कैद

करीब तीन मिनट के CCTV फुटेज में बच्ची के असहज होने का घटनाक्रम दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि तेज आवाज के दौरान वैष्णवी तीन बार परेशान हुई और फिर अचानक अपनी सीट पर गिर पड़ी। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के अनुसार, जुलूस में बज रहे DJ की आवाज बेहद तेज थी। हालांकि बच्ची की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

पोस्टमार्टम नहीं हुआ, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

परिजनों ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। ऐसे में मौत की निश्चित वजह सामने नहीं आ सकी है। पिता सोनू तिवारी के मुताबिक, स्कूल से बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। उनका कहना है कि बच्ची को पहले से किसी बीमारी की जानकारी नहीं थी।

सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि परिवार की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

घटना के बाद पूजा समितियों ने भी उठाया कदम

बच्ची की मौत की घटना के बाद शहर में भी इसका असर देखने को मिला। घटना से आहत दो पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नगर पालिका में आयोजित बैठक में DJ की तेज आवाज को लेकर चर्चा हुई। बैठक में धर्मगुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, धार्मिक समितियों के पदाधिकारियों और सभासदों ने हिस्सा लिया। लोगों ने कहा कि अत्यधिक तेज ध्वनि से बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों और अन्य नागरिकों को परेशानी होती है।

नगर क्षेत्र में DJ पर सर्वसम्मति से फैसला

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर क्षेत्र में DJ की तेज आवाज पर रोक लगाने पर सहमति बनी। अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शहर की शांति को ध्यान में रखते हुए यह सामूहिक निर्णय लिया गया है। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में परंपराओं के साथ आम लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखने पर जोर दिया गया। धार्मिक समितियों के प्रतिनिधियों ने इस फैसले को लेकर जिला प्रशासन को सहमति पत्र देने की बात कही।

जुलूस-ए-गौसिया में भी DJ पर पूर्ण रोक

बलरामपुर में 23 सितंबर की शाम प्रस्तावित जुलूस-ए-गौसिया को लेकर भी DJ पर रोक लगाने का ऐलान किया गया है। शहर-ए-काजी सैय्यद अहमद रजा कादरी और शहर मुफ्ती मोहम्मद मुजम्मिल अख्तर मिसबाही ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। आयोजकों के मुताबिक, जुलूस उलेमाओं की अगुवाई में निकलेगा और DJ सिस्टम लगे वाहनों को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। यदि कोई DJ लगा वाहन जुलूस में पहुंचता है तो उसे तत्काल बाहर कर दिया जाएगा।

बार एसोसिएशन ने निष्पक्ष जांच की मांग की

बच्ची की मौत के मामले में जिला बार एसोसिएशन ने भी जांच की मांग उठाई है। अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन और महामंत्री संजय तिवारी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने अपर जिलाधिकारी संदीप केला को मांगपत्र सौंपा।

बार एसोसिएशन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि बच्ची की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके।

Related Articles

Back to top button