
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ हुई कथित मारपीट का मामला एक बार फिर चर्चा में है। शुक्रवार को CJP के प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका समर्थकों के साथ संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे। निशु आजाद भी इस दौरान थाने पहुंचीं। चंद्रशेखर ने भी इस मामले में समर्थन जताते हुए थाने का रुख किया।
वायरल पॉडकास्ट क्लिप से फिर गरमाया मामला
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट की क्लिप वायरल हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर दावा किया कि संजय कुमार के सिर पर चोट उसी के वार से लगी थी। क्लिप में राजनीतिक प्रभाव की वजह से अपने खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होने की बात भी कही, क्लिप सामने आने के बाद CJP नेताओं और समर्थकों ने पटेल चौक से संसद मार्ग थाने तक मार्च किया। पार्टी ने इस मामले में पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
CJP ने की गंभीर धाराएं लगाने की मांग
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पार्टी के एक समर्थक के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट हुई थी, जिससे उनके सिर में चोट आई। उनका कहना है कि पार्टी की ओर से काफी समय से दिल्ली पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग की जा रही है।रांका ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। CJP का कहना है कि यदि संबंधित व्यक्ति ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है तो पुलिस को उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कदम उठाना चाहिए।
पार्टी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ केस में लागू होने वाली सभी गंभीर कानूनी धाराएं जोड़ने की मांग भी की है। CJP नेताओं ने इस मामले को लोकतांत्रिक अधिकारों और कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
कांग्रेस की लीगल टीम भी सक्रिय
निशु आजाद मामले में कांग्रेस की कानूनी टीम भी सक्रिय हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद पार्टी की लीगल टीम ने मामले में मदद का फैसला किया, निशु आजाद ने राहुल गांधी से कानूनी सहायता मांगी थी। इसके बाद कांग्रेस की ओर से उन्हें कानूनी सहयोग उपलब्ध कराने की तैयारी की गई। दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लकड़ा, निशु आजाद और कांग्रेस लीगल सेल के वकीलों के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचने की बात भी सामने आई है, कांग्रेस की कानूनी टीम स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ दर्ज मामले में अतिरिक्त गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग को लेकर पुलिस के सामने अपना पक्ष रखेगी।
अब पुलिस कार्रवाई पर नजर
निशु आजाद के पिता के साथ कथित मारपीट का यह मामला अब CJP के विरोध प्रदर्शन के साथ-साथ कांग्रेस की कानूनी सक्रियता के कारण भी सुर्खियों में है। एक तरफ CJP आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराएं लगाने की मांग कर रही है, वहीं कांग्रेस की लीगल टीम भी मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस से संपर्क कर रही है।
वायरल पॉडकास्ट क्लिप के बाद मामले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब सभी की नजर दिल्ली पुलिस की आगामी कार्रवाई पर है।



