
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) में एक बार फिर बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिला है। पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने छोटे भतीजे ईशान आनंद को अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें मुख्य सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया है। ईशान को करीब 15 राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है, मायावती का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब उनके बड़े भतीजे आकाश आनंद को पार्टी की प्रमुख जिम्मेदारियों से एक बार फिर दूर किया गया है। नई संगठनात्मक व्यवस्था में आकाश को कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
नई जिम्मेदारी के तहत ईशान आनंद संबंधित राज्यों में BSP के संगठन की स्थिति, पार्टी की गतिविधियों और संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा करेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, ईशान अपनी समीक्षा और संगठन से जुड़ी रिपोर्ट अपने पिता तथा BSP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार को देंगे।
ईशान की भूमिका ऐसे समय बढ़ी है, जब BSP आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से चुनावी तैयारियों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
वहीं, आकाश आनंद को लेकर मायावती का फैसला भी चर्चा में है। मायावती ने हाल में उन्हें पार्टी की बड़ी जिम्मेदारियों से हटाते हुए संकेत दिया था कि उन्हें अभी राजनीतिक रूप से और परिपक्व होने की जरूरत है। इसके बाद आकाश ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में भी बदलाव किया और खुद को BSP समर्थक बताया।
मायावती की अध्यक्षता में हुई पार्टी की राष्ट्रीय स्तर की बैठक के दौरान ईशान आनंद की मौजूदगी भी चर्चा में रही। वह मायावती और अपने पिता आनंद कुमार के साथ मंच पर नजर आए, जबकि आकाश आनंद बैठक में मौजूद नहीं थे।
ईशान को करीब 15 राज्यों की जिम्मेदारी मिलने के बाद BSP में नई पीढ़ी के नेतृत्व को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, मायावती ने अभी तक ईशान आनंद को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया है। BSP के लिए यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। ऐसे में ईशान को बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी दिया जाना पार्टी की आगामी रणनीति में उनके बढ़ते महत्व का संकेत माना जा रहा है।



