
लखनऊ। आवास की जरूरत पूरी करने की दिशा में दो बड़ी आवासीय परियोजनाओं की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को आगरा एक्सप्रेसवे के पास दोना गांव में वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं का भूमिपूजन किया। इन दोनों परियोजनाओं को करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 10,680 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।
इन योजनाओं के जरिए करीब 10 लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है। वरुण विहार योजना 6,500 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में विकसित होगी, जहां छह लाख से अधिक लोगों के लिए आवासीय व्यवस्था प्रस्तावित है। वहीं नैमिष नगर करीब 4,100 एकड़ में विकसित किया जाएगा और इससे चार लाख से ज्यादा लोगों को लाभ मिलने की बात कही गई है।
4526 भूखंडों के लिए पंजीकरण शुरू
भूमिपूजन के साथ ही दोनों योजनाओं में भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। कुल 4,526 भूखंडों के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। इनमें वरुण विहार के 2,847 और नैमिष नगर के 1,679 भूखंड शामिल हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया 24 अक्टूबर तक जारी रहेगी। नैमिष नगर में 72 से 450 वर्गमीटर और वरुण विहार में 112.5 से 450 वर्गमीटर तक के भूखंड प्रस्तावित हैं। रिपोर्ट के मुताबिक वरुण विहार में भूखंड की दर 2,800 रुपये और नैमिष नगर में 3,800 रुपये प्रति वर्गफुट रखी गई है।
पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने इस दौरान करीब 2,166 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पांच बहुमंजिला अपार्टमेंट प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास किया। इनमें अदिति अपार्टमेंट में 1,932, बागेश्वरी अपार्टमेंट में 824, लेक व्यू अपार्टमेंट में 646, ऐशबाग स्क्वायर में 384 और पार्क व्यू अपार्टमेंट में 364 फ्लैट प्रस्तावित हैं, टाउनशिप और अपार्टमेंट परियोजनाओं को मिलाकर कार्यक्रम में कुल 14,166 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी को देखते हुए लखनऊ में सुनियोजित शहरी विकास जरूरी है।
छह जिलों तक विस्तार की योजना
इन परियोजनाओं को राजधानी के भविष्य के विस्तार से भी जोड़ा जा रहा है। लखनऊ के साथ उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली को शामिल करते हुए स्टेट कैपिटल रीजन के तहत क्षेत्रीय विकास की योजना पर काम किया जा रहा है। दोनों नई आवासीय योजनाओं में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ बेहतर कनेक्टिविटी पर भी जोर दिया जा रहा है।



