
दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। साउथ जोन के खिलाफ खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में किशन ने 301 गेंदों पर 250 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि, क्रैम्प्स की समस्या के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा और उनकी ट्रिपल सेंचुरी की उम्मीद अधूरी रह गई।
किशन ने अपनी इस पारी में 27 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने 270 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया और इसके बाद भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। 250 रन तक पहुंचने के बाद मांसपेशियों में खिंचाव के चलते उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
दलीप ट्रॉफी फाइनल में खास क्लब में एंट्री
ईशान किशन की 250 रन की पारी ने उन्हें दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों की सूची में शामिल कर दिया। उनसे पहले मंसूर अली खान पटौदी, रमन लांबा, अंशुमान गायकवाड़, यूसुफ पठान, चेतेश्वर पुजारा और यशस्वी जायसवाल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। किशन ने 200 का आंकड़ा पार करते ही पटौदी के 200 रन के स्कोर को पीछे छोड़ दिया। वहीं 217 रन पार करने के बाद वह दलीप ट्रॉफी फाइनल में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारियों की सूची में और ऊपर पहुंच गए। इस सूची में रमन लांबा का 320 रन का स्कोर अभी भी सबसे ऊपर है, जबकि यशस्वी जायसवाल और चेतेश्वर पुजारा की बड़ी पारियां भी किशन से आगे हैं।
ईस्ट जोन के लिए भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड
किशन की यह पारी ईस्ट जोन के लिए भी बेहद खास रही। वह टीम की ओर से दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। इससे पहले फाइनल में ईस्ट जोन के किसी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर रिद्धिमान साहा का 170 रन था।
इसके अलावा किशन दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाजों के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाने में सफल रहे। उन्होंने दिनेश कार्तिक के 183 रन के स्कोर को पीछे छोड़ा।
ट्रिपल सेंचुरी का मौका आया, लेकिन…
250 रन तक पहुंचने के बाद किशन के पास दलीप ट्रॉफी फाइनल में ट्रिपल सेंचुरी लगाने वाला तीसरा बल्लेबाज बनने का मौका था। इस टूर्नामेंट के फाइनल में रमन लांबा 320 रन और गगन खोड़ा 300 रन की पारी खेल चुके हैं।
हालांकि, क्रैम्प्स के कारण किशन को 250 रन पर रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। अगर वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटते हैं तो उनके पास इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने का मौका अभी भी मौजूद है।
ईस्ट जोन की बड़ी बढ़त
किशन की शानदार पारी के अलावा कुमार कुशाग्र ने भी शतक लगाकर ईस्ट जोन के स्कोर को मजबूत किया। कुशाग्र ने 132 गेंदों पर 101 रन बनाए। शिखर मोहन ने 85 और अभिमन्यु ईश्वरन ने 72 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। इन पारियों के दम पर ईस्ट जोन ने पहली पारी में 600 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
ईशान किशन की यह पारी न सिर्फ फाइनल में ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में ले गई, बल्कि घरेलू क्रिकेट में उनकी बड़ी पारियों की सूची में भी एक और शानदार अध्याय जोड़ दिया।



