गोरखपुर में लॉरेंस गैंग के 31 आरोपी, 5 गिरफ्तार

गोरखपुर। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े बताए जा रहे कथित असलहा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ यूपी एसटीएफ की कार्रवाई जारी है। जांच में 31 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि 26 अन्य की तलाश में एसटीएफ की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

एसटीएफ के मुताबिक, सोमवार रात गोरखपुर के विंध्यवासिनी पार्क के पास कार्रवाई कर पांच संदिग्ध असलहा तस्करों को पकड़ा गया था। गिरफ्तार आरोपियों में श्रेयांश यादव उर्फ बबलू, अजीत यादव, अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, अभिषेक प्रजापति उर्फ अभी और राहुल गुप्ता के नाम सामने आए हैं। पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी को नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने का दावा किया गया है।

कई जिलों और राज्यों तक जांच

जांच में सामने आए आरोपियों के तार गोरखपुर के अलावा संतकबीरनगर, महराजगंज और देवरिया से जुड़े बताए गए हैं। इसके अलावा बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा में भी कुछ संदिग्धों के होने की जानकारी सामने आई है। एसटीएफ की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं, फरार आरोपियों में बिहार के बेतिया निवासी शशांक पांडेय, मध्य प्रदेश के देवेंद्र सक्सेना और हरियाणा के सुमित कुमार दिलावर समेत अन्य लोगों के नाम जांच में सामने आने की बात कही गई है। शशांक पांडेय की तलाश में एसटीएफ की एक टीम बिहार तक पहुंची है।

कैंट थाने में दर्ज हुआ मुकदमा

एसटीएफ गोरखपुर यूनिट के प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह की तहरीर पर गोरखपुर के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच में स्थानीय पुलिस भी एसटीएफ का सहयोग कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर फरार आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच

जांच एजेंसियां कथित नेटवर्क के सोशल मीडिया संपर्कों और आपसी कनेक्शन की भी पड़ताल कर रही हैं। इसके साथ ही हथियारों की सप्लाई से जुड़े पुराने मामलों और आरोपियों के आपसी संबंधों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button