
गाजियाबाद। नकली सोने के आभूषणों को असली बताकर बैंक से करोड़ों रुपये का गोल्ड लोन लेने का मामला सामने आया है। गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र स्थित आरडीसी की फेडरल बैंक शाखा में सामने आए इस मामले में करीब 1.46 करोड़ रुपये के लोन से जुड़ी गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई है, बैंक की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, अलग-अलग खातों के जरिए गोल्ड लोन लिया गया था। जांच के दौरान गिरवी रखे गए कुछ आभूषणों की दोबारा जांच की गई तो उनके नकली होने की बात सामने आई। इसके बाद बैंक स्तर पर पूरे मामले की पड़ताल शुरू की गई।
बताया गया कि 20 लोन खातों में कुल करीब 1 करोड़ 46 लाख 54 हजार 249 रुपये की रकम जारी की गई थी। मामले में बैंक शाखा प्रबंधक की शिकायत पर 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जांच में सामने आया नकली सोने का मामला
बैंक में आभूषणों की रैंडम जांच के दौरान 10 जून को मामला सामने आया। जांच में कुछ गहने मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसी दौरान एक व्यक्ति और उसके साथ मौजूद दूसरा शख्स कथित तौर पर मौके से निकल गया।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि कई लोन आवेदन एक फिनटेक कंपनी के माध्यम से बैंक तक पहुंचे थे। इनमें से करीब 17 खातों का लिंक रूपीक फिनटेक से बताया जा रहा है। इन खातों पर अप्रैल से जून 2026 के बीच लोन जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
कई लोगों की भूमिका जांच के घेरे में
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सोने को असली बताकर उसकी वैल्यूएशन कैसे कराई गई और बैंक से लोन मंजूर होने तक किन-किन लोगों की भूमिका रही। मामले में गोल्ड वैल्यूअर, फिनटेक कंपनी से जुड़े कर्मचारियों और लोन प्रक्रिया से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का फोकस इस बात पर है कि क्या आरोपियों ने मिलकर नकली आभूषणों की वैल्यूएशन कराई और उसके आधार पर बैंक से रकम निकलवाई। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और लोन खातों, दस्तावेजों तथा आभूषणों की जांच के साथ पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।



