
मथुरा/वृंदावन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अपने दो दिवसीय मथुरा दौरे के तहत वृंदावन पहुंचे। पवन हंस हेलीपैड पर भाजपा नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने यहां नवनिर्मित श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया, मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान ब्रज क्षेत्र को करीब 1,051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात दी जा रही है। इनमें 540 करोड़ रुपये से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण और करीब 437 करोड़ रुपये की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि देने के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, चेक और ट्रैक्टर की चाबी भी वितरित की जानी है।
श्री हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण
वृंदावन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान प्रसाद धानुका विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद ब्रज के कलाकारों ने राधा-कृष्ण की लीलाओं का मंचन किया। कार्यक्रम में गुजरात का गरबा और ब्रज का प्रसिद्ध मयूर नृत्य भी प्रस्तुत किया गया, नवनिर्मित प्रेक्षागृह में करीब एक हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। इसे ब्रज की कला, संगीत, नृत्य और साहित्य को मंच देने वाले प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
बच्चों का अन्नप्राशन, संतों का सम्मान
लोकार्पण कार्यक्रम से पहले सीएम योगी ने भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में सजाए गए छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और उन्हें उपहार दिए। इस दौरान उन्होंने ब्रज के प्रमुख संतों फूलडोल बिहारी दास महाराज, महंत सुतीक्ष्ण दास, महंत सनतकुमार शरण महाराज, स्वामी रामदेवानंद सरस्वती और संत बलराम दास का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में 321 सपेरा समाज के लाभार्थियों को भवन आवंटन पत्र भी प्रदान किए गए।
ब्रज में विकास कार्यों का उल्लेख
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ब्रज से गोरखपुर तक विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने बताया कि मथुरा में यमुना में गिरने वाले 36 नालों में से 32 को बंद किया जा चुका है, जबकि बाकी चार नालों को भी अक्टूबर तक बंद करने का लक्ष्य है, उन्होंने यह भी बताया कि सूरदास ब्रजभाषा अकादमी की स्थापना और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर पड़ाव स्थलों के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है।
कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
सांसद हेमा मालिनी ने प्रेक्षागृह को ब्रज की कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का जीवंत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच मिलेगा और भविष्य में देश-विदेश के कलाकार भी यहां अपनी प्रस्तुतियां दे सकेंगे। उनके मुताबिक यह केंद्र ब्रज की परंपरा और भाषा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, ठाकुर मेघश्याम, संत विजय कौशल महाराज, ओमप्रकाश सिंह, योगेश नौहवार और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। इसके साथ ही संतों से संवाद और विभिन्न विकास योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेंगे। दौरे के कार्यक्रम में प्रो-पुअर प्रदर्शनी का अवलोकन और पौधरोपण भी शामिल है,शाम को मुख्यमंत्री वृंदावन-पानीगांव मार्ग पर करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित भक्ति स्तंभों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह वेटेरिनरी विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।
जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान जाएंगे
दौरे के दूसरे दिन यानी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगे। यहां वह पहले गोपूजन करेंगे और इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे और जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मथुरा-वृंदावन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पूरे क्षेत्र को 7 जोन और 35 सेक्टरों में बांटा गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, बांकेबिहारी मंदिर और अन्य प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, करीब 5,500 से 6,000 पुलिस, पीएसी और आरएएफ जवानों की तैनाती की गई है। अकेले वृंदावन में मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए 840 उपनिरीक्षक, 708 हेड कांस्टेबल और 3,200 सिपाही तैनात किए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन कैमरों और खुफिया तंत्र के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर बैरियर लगाकर यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की है। अधिकारियों को मार्गों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, सड़कों की मरम्मत और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जन्माष्टमी की दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रज की धरती से प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर ब्रज क्षेत्र की विकास परियोजनाओं के साथ यहां की लोक परंपरा और लोककला से जुड़ने का अवसर मिलना विशेष है।
मुख्यमंत्री ने स्वामी हरिदास की स्मृति में प्रेक्षागृह के लोकार्पण को भी महत्वपूर्ण अवसर बताया और इसके लिए संतों तथा श्रीकृष्ण-राधारानी के अनुयायियों को बधाई दी।



