
अयोध्या। मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में शामिल होकर नवचयनित कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर अयोध्या में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कर्मियों के कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है।
मानदेय बढ़ोतरी पर भी नजर
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा हो सकती है। रिपोर्टों के अनुसार कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4 हजार रुपये, जबकि सहायिकाओं के मानदेय में 2 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी प्रस्तावित है, मानदेय में बढ़ोतरी होने पर प्रदेश की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
71 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रदेश में 71,310 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई है। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाने और नए कर्मियों की नियुक्ति को विभाग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



