कृष्ण लला का जन्मदिन, दर्शन करेंगे योगी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर रिजर्व पुलिस लाइंस परिसर में भव्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की तैयारी की गई है। शुक्रवार को होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

पुलिस लाइंस में खास आयोजन

कार्यक्रम के दौरान परिसर स्थित मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की विशेष झांकी सजाई गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां पहुंचकर झांकी के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही श्रद्धा और संस्कृति से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लखनऊ पुलिस लाइंस में करीब 25 धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारी की गई है। इनमें कथक, भरतनाट्यम और कृष्ण लीला जैसी प्रस्तुतियां शामिल हैं। पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थी और वामा सारथी से जुड़े बच्चे भी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

मथुरा से शुरू होगा CM योगी का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री का जन्माष्टमी कार्यक्रम केवल लखनऊ तक सीमित नहीं रहेगा। उनका दिन मथुरा से शुरू होगा, जहां वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में गो पूजन करेंगे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन-पूजन में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री लखनऊ के कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
देर रात योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में भी शामिल होंगे। वहां मध्यरात्रि के समय वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जन्माष्टमी की पूजा और बाल स्वरूप श्रीकृष्ण के पालने को झुलाने की परंपरा निभाई जाएगी।

लखनऊ में ट्रैफिक व्यवस्था बदली

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। शुक्रवार दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक हनुमान सेतु मंदिर तिराहा से रिजर्व पुलिस लाइंस और आईटी चौराहे की ओर सामान्य यातायात पर प्रतिबंध रहेगा, हनुमान सेतु की तरफ से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। इसी तरह आईटी चौराहे से पुलिस लाइंस और हनुमान सेतु की ओर जाने वाले वाहनों को डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड चौराहा या निशातगंज की तरफ मोड़ा जाएगा। आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।

PAC परिसर भी सजा

जन्माष्टमी को लेकर लखनऊ के महानगर स्थित PAC परिसर में भी विशेष सजावट की गई है। परिसर को फूलों और रंगीन LED लाइटों से सजाया गया है। दीवारों पर भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े चित्र बनाए गए हैं। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की ओर से कृष्ण जन्म की कथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी रखी गई है।
मथुरा से आने वाली तीन टीमों की ओर से फूलों की होली, रासलीला और कृष्णलीला की प्रस्तुति भी प्रस्तावित है। इस तरह लखनऊ में पुलिस परिसरों में जन्माष्टमी का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक रंग में भी नजर आएगा।

सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम

मुख्यमंत्री की मौजूदगी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण तथा यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button