महिला आयोग : सिर्फ कानून नहीं, “सोच बदलना भी जरूरी”

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में 16 वर्षीय किशोरी के साथ चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद महिला सुरक्षा को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा- कड़ी सजा जरूरी

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने कहा कि किशोरी के साथ हुई घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध करने वालों को कठोर सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की वारदात को अंजाम देने की हिम्मत न करे। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आयोग भी कार्रवाई पर नजर रख रहा है। उनके मुताबिक, कानून के तहत दोषियों के खिलाफ जल्द और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।

सिर्फ कानून से नहीं बदलेगा माहौल

विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध रोकने के लिए सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी अहम है, लेकिन केवल प्रशासनिक व्यवस्था के भरोसे ऐसे अपराधों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने समाज की सोच में बदलाव की जरूरत बताते हुए कहा कि लोगों को गलत काम करने वालों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर भी मजबूती से खड़ा होना होगा। समाज को यह स्पष्ट संदेश देना चाहिए कि अपराध करने वाले व्यक्ति को किसी तरह का समर्थन नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सरकार, कानून-व्यवस्था और समाज—तीनों स्तरों पर मिलकर प्रयास करना जरूरी है।

ग्रेटर नोएडा में हुई थी वारदात

पुलिस के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा में एक खाली बस के अंदर 16 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर ड्राइवर और कंडक्टर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना 4 अगस्त को परी चौक के पास हुई बताई गई है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि दोनों ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। बाद में आरोपी उसे दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके के पास छोड़कर चले गए। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के रूप में हुई है।

मैनपुरी की रहने वाली है किशोरी

पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली है। बताया गया कि पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर वह परिवार को बिना बताए घर से निकल गई थी। उसका इरादा नोएडा के सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जाने का था, इसी दौरान वह आरोपियों के संपर्क में आई और उसके साथ यह घटना हुई। मामले की जांच जारी है और महिला आयोग ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर जोर दिया है।

Related Articles

Back to top button