साइना ने किया पति पारुपल्ली से अलग होने का ऐलान

नई दिल्‍ली। स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने अपने लंबे समय के साथी पारुपल्ली कश्यप से अलग होने की घोषणा की। साइना ने इंस्टाग्राम पर एक संक्षिप्त बयान के जरिए अपने फैसले की घोषणा की। साइना और पारुपल्ली लगभग 7 साल की शादी के बाद अलग होने वाले हैं। साइना और पारुपल्ली हैदराबाद स्थित पुलेला गोपीचंद अकादमी में भारतीय बैडमिंटन के क्षेत्र में एक साथ बड़े हुए। जहां साइना ओलंपिक कांस्य पदक और वर्ल्ड में नंबर 1 रैंकिंग के साथ एक वैश्विक हस्ती बन गईं, वहीं कश्यप ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक और अंतरराष्ट्रीय मंच पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के साथ अपनी अलग पहचान बनाई।

राष्ट्रमंडल खेलों में दो बार की चैंपियन साइना ने लिखा, ‘‘जिंदगी हमें कभी-कभी अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोच-विचार के बाद कश्यप पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और उपचार का विकल्प चुन रहे हैं। इंस्टाग्राम पर साइना ने एक निजी अपडेट साझा किया जिसने खेल जगत को हैरान कर दिया है।

उन्होंने लिखा, ‘‘मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं। इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद। ’’हालांकि कश्यप ने अभी तक इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है और न ही अगल होने की कोई घोषणा की है।

प्रतिस्पर्धी बैडमिंटन से संन्यास लेने के बाद, पारुपल्ली ने कोचिंग की ओर रुख किया और साइना के करियर के अंतिम सालों में उनके मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। एक अभ्यास साथी से रणनीतिक मार्गदर्शक के रूप में उनका बदलाव उनके गहरे बंधन का प्रतीक था। अब अचानक उनके बीच ऐसा क्या हुआ कि उन्हें अलग होना पड़ रहा है इसकी वजह सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button