
लखनऊ। यूपी के पड़ोसी राज्य बिहार में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को बिहार में लालू प्रसाद यादव की पार्टी को मदद करने और भाजपा को हराने की बात कही। उन्होंने नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा, ‘हम लोग तो नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे लेकिन वे मुख्यमंत्री ही बनकर रह गए। अब भाजपा उन्हें कहीं का नहीं छोड़ेगी।
अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने मथुरा-वृंदावन कॉरिडोर के मुद्दे पर यूपी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि मथुरा-वृंदावन को लेकर जनता कभी माफ़ नहीं करेगी। आरोप लगाया कि सरकार कॉरिडोर बनाने के नाम पर लोगों को उजाड़ रही है। छोटे व्यापारियों को उजाड़ कर बड़े कारोबारियों को कॉरिडोर के नाम पर बसाया जाता है। अखिलेश ने भाजपा पर अपने संघी साथियों के माध्यम से जमीनों पर कब्ज़ा करने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने कहा कि पहले कम दाम पर जमीन ली जाती है फिर ऊंची कीमत पर बेचते हैं। उन्होंने भाजपा पर आस्था को व्यापार बनाने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा के मुआवजा घोटाले में सपा सरकार बनने पर जांच होगी। उन्होंने कांवड़ियों के लिए कॉरिडोर बनाने का वादा किया।
अखिलेश यादव ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस घटिया बना है। उन्होंने मेट्रो परियोजनाओं को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर कानपुर मैट्रो उन्नाव तक चलाएंगे और लखनऊ मेट्रो बाराबंकी तक चलाएंगे।