
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण को हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम 2026 के रूप में चुना गया है। दीपिका पादुकोण पहली ऐसी भारतीय एक्ट्रेस हैं जिन्हें मोशन पिक्चर कैटिगरी में हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम क्लास 2026 में सम्मानित किया जाएगा। इस लिस्ट में नाम आने से दीपिका पादुकोण ने इतिहास रच दिया है। बुधवार को इस लिस्ट का ऐलान किया गया। इस लिस्ट में दुनियाभर की मशहूर पर्सनालिटीज का नाम शामिल है।
हॉलीवुड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बुधवार को इस लिस्ट का ऐलान किया। लिस्ट में दीपिका पादुकोण के नाम के साथ-साथ हॉलीवुड एक्ट्रेस एमिली ब्लंट, फ्रांसीसी एक्ट्रेस कोटिलार्ड, कनाडाई एक्ट्रेस रेचल मैकएडम्स, इतालवी एक्टर फ्रेंको नीरो और सेलिब्रिटी शेफ गॉर्डन रामसे का नाम शामिल है।
हॉलीवुड चैंबर ऑफ कॉमर्स के वॉक ऑफ फेम सिलेक्शन पैनल ने 20 जून को सैंकड़ों नामों में से 35 नामों का चुना था। इसके बाद, 25 जून को चैंबर के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इस लिस्ट को मंजूरी दी। दीपिका पादुकोण लंबे समय से एक ट्रेंड सेट करने वाली एक्ट्रेस मानी जाती हैं। साल 2018 में दीपिका का नाम टाइम मैगजीन की 100 सबसे ज्यादा प्रभावशाली हस्तियों की लिस्ट में शामिल था।
दीपिका पादुकोण के हॉलीवुड के काम की बात करें तो उन्होंने साल 2017 में xXx: Return Of Xander Cage फिल्म से अपना हॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म में दीपिका के साथ विन डीजल, नीना डोबरेव, डोनी येन, रूबी रोज और सैमुअल एल जैक्सन जैसे एक्टर्स नजर आए थे।