मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह जुलाई में हो रहे हैं रिटायर

लखनऊ। यूपी की ब्यूरोक्रेसी में अगले तीन से चार महीने में कई बदलाव होंगे। इनमें सबसे बड़ा बदलाव इस महीने मुख्य सचिव के रूप में हो सकता है। इसको लेकर सत्ता के गलियारे में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का कार्यकाल 31 जुलाई को खत्म हो रहा है। मौजूदा मुख्य सचिव को एक्सटेंशन मिलता है या फिर किसी नए अफसर को मुख्य सचिव बनाया जाता है, इस पर चर्चाएं जोरों पर हैं।

सिर्फ मुख्य सचिव ही नहीं, प्रदेश में अपर मुख्य सचिव स्तर के कई अधिकारी अगले तीन से चार महीने में रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में कई जूनियर अफसरों को अहम जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। मौजूदा मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह 31 जुलाई को रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में उनके एक्सटेंशन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। एक्सटेंशन न मिलने की स्थिति में नए मुख्य सचिव को लेकर भी कयासों का दौर शुरू हो गया है। मुख्य सचिव के पास कई अन्य अहम पदों की भी जिम्मेदारियां हैं। ऐसे में ये जिम्मेदारियां कुछ अन्य अफसरों को भी मिल सकती हैं।

सूत्रों के मुताबिक मुख्य सचिव को सेवा विस्तार न मिलने की स्थिति में 1989 बैच के एसपी गोयल और 1990 बैच के दीपक कुमार का नाम मुख्य सचिव की रेस में सबसे आगे है। दोनों अफसरों के पास शासन के अहम पदों की जिम्मेदारी है। एसपी गोयल मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव पद पर तैनात हैं। वहीं, आईएएस दीपक कुमार के पास एपीसी के साथ वित्त, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के अपर मुख्य सचिव का चार्ज भी है।

ऐसे में इन दोनों अफसरों में से किसी भी अफसर के मुख्य सचिव बनने की स्थिति में बचे विभागों की जिम्मेदारी 1993, 1994, 1995 और 1996 बैच के अफसरों को मिल सकती है। इसके अलावा मुख्य सचिव के पास आईआईडीसी और यूपीडा सीईओ का अतिरिक्त चार्ज है। इन पदों की जिम्मेदारी भी अपर मुख्य सचिव रैंक के दूसरे अफसरों को मिल सकती है।

अपर मुख्य सचिव रैंक के कई अफसर इसी साल रिटायर हो रहे हैं। अपर मुख्य सचिव जितेंद्र कुमार सोमवार को रिटायर हो गए। 1990 बैच के अफसर हिमांशु कुमार अक्टूबर में रिटायर हो रहे हैं। उनके पास अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास जैसे अहम विभाग का चार्ज है। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव सुधीर एम बोबडे सितंबर में रिटायर हो रहे हैं। साथ ही बड़ी संख्या में प्रमोटी आईएएस अफसर भी रिटायर होंगे। ऐसे में जूनियर अफसरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।

Related Articles

Back to top button