गर्मी से परेशान यूपी और बिहार के लोग

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बीते दिन हुई बारिश के बाद भी लोगों को गर्मी से पूरी तरह छुटकारा नहीं मिला है। गगर्मी का सिलसिला अब भी जारी है। आईएमडी अधिकारियों के अनुसार दिल्ली में 19 जून तक सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ छींटे, धूल भरी आंधी और बिजली चमकने की संभावना है। इसके साथ ही गरज के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 12 से 18 जून के बीच मध्य और पूर्वी भारत के शेष हिस्सों के साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके 19 से 25 जून के बीच दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रही जनता के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 20 जून के बीच मानसून की प्रदेश में एंट्री हो सकती है। संभावना है कि 18 जून को गोरखपुर के रास्ते दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश में दस्तक दे। हालांकि, इससे पहले ही राज्य में व्यापक स्तर पर प्री-मानसून बारिश की शुरुआत होने की संभावना है, जो तापमान में गिरावट लाएगी। आज लखनऊ से नोएडा तक मौसम में बदलाव के आसार हैं। लोगों को इससे लू और उमस से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, उमस लोगों के पसीने छुड़ा रहा है। वहीं, अगले 7 दिनों में प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट होने की संभावना जताई गई है। सोमवार को लखनऊ समेत 51 जिलों में मौसम बदला-बदला रहेगा।

राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार दूसरे दिन जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, अलवर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, नागौर, झुंझुनूं, चित्तौड़गढ़, पाली, सवाई माधोपुर और बूंदी सहित कई जिलों में बारिश और आंधी ने मौसम को ठंडा कर दिया। हालांकि, इस राहत के साथ कुछ जगहों पर नुकसान भी हुआ। मौसम विभाग ने आज के लिए 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार में अब मौसम बदल रहा है। कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। लेकिन कुछ जिले अभी भी गर्मी से जूझ रहे हैं। बता दें कि आमतौर पर बिहार में मानसून किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार से बिहार में प्रवेश करता है। मौसम विभाग ने आज किशनगंज में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पश्चिम चंपारण में भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार के कई जिलों में आज गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। दक्षिण बिहार में मंगलवार तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

Related Articles

Back to top button