यूपी में गर्मी और लू का डबल टॉर्चर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस समय कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिसके कारण शुष्क मौसम और विकिरणीय ऊष्मन (Radiational Heating) में तेजी आई है। इसका सीधा असर अधिकतम और न्यूनतम तापमान पर देखने को मिल रहा है। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। हालांकि 12 जून से प्रदेश में बारिश शुरू हो सकती है।

12 जून को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में दिन के समय कहीं-कहीं उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना है और कहीं-कहीं उष्ण रात्रि होने की संभावना है। जबकि पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बादल गरजने व बिजली चमकने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है।

मौसम विभाग ने गुरुवार को गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, झांसी और उसके आसपास के इलाकों में उष्ण लहर लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और इटावा जिले में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, ललितपुर और उसके आसपास के इलाकों में उष्ण लहर (लू) का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और उसके आसपास के इलाकों में उष्ण रात्रि होने की संभावना जताई गई है।

वहीं प्रदेश के आने वाले दिनों में तापमान की बात करें तो अगले एक सप्ताह के दौरान पूर्वी यूपी में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट होने की संभावना है। साथ ही अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। हालांकि उसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट होने की संभावना है। इसी तरह अगले 2 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। उसके बाद धीरे-धीरे 2-4°C तक गिरावट आने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 1-2 दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू (हीटवेव) और उष्ण रात्रि की स्थिति 13 जून तक बनी रहेगी, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 जून के बाद से गर्मी की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। 11 जून को आगरा और उरई में लू की स्थितियां बनी रहीं, जबकि गोरखपुर और बस्ती जैसे पूर्वांचल के इलाकों में भी लू की स्थिति दर्ज की गई, जो चिंता का विषय है।

हालांकि 14 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 14 जून से प्रदेश में मौसमी गतिविधियों के बढ़ने की संभावना है, जिससे वर्षा की शुरुआत हो सकती है। इसके साथ ही लू की स्थिति से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को लू से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने, दिन में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

वहीं प्रदेश में भीषण गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कहा कि गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने के लिए कहा है। बेड आरक्षित किए गए हैं। लगातार हम निगरानी कर रहे हैं। कहीं कोई चिंता की बात नहीं है। हम आम नागरिकों से कहना चाहते हैं कि बहुत आवश्यक हो तभी घर से निकलें। सर को ढके रखें, छाते का प्रयोग करें। धूप बहुत तेज हो रही है, सचेत रहें।

Related Articles

Back to top button