यूपी में आने वाले दिनों में बदल सकता है मौसम

लखनऊ। यूपी का मौसम 28 मई 2025: उत्तर प्रदेश में 28 मई को पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान पश्चिमी यूपी में कोई अलर्ट नहीं जारी है जबकि पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बादल गरजने व बिजली चमकने के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है। वहीं प्रदेश के तापमान की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उसी मात्रा में गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। जबकि अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने साल 2025 की मॉनसून ऋतु (जून से सितंबर) के लिए अपने ताजा पूर्वानुमान में उत्तर प्रदेश के लिए राहतभरी खबर दी है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इस बार प्रदेश में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, देशभर में मॉनसून के दौरान औसत वर्षा दीर्घावधि औसत (LPA) का 106% रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा और बेहतर रहने की उम्मीद है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्षा दीर्घावधि औसत (799 मिमी) का 110%, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औसत (672 मिमी) का 112% रहने की संभावना जताई गई है। इस प्रकार पूरे प्रदेश में औसत वर्षा सामान्य से 10 से 12 प्रतिशत अधिक रह सकती है। इसके अतिरिक्त, जून महीने में भी सामान्य से अधिक बारिश के कारण तापमान अपेक्षाकृत कम रह सकता है। इसका सीधा असर लू (हीटवेव) पर पड़ेगा और लू के दिनों की संख्या सामान्य से कम रहने की संभावना है।

मॉनसून पूर्वानुमान वैश्विक जलवायु मॉडलों और एल-निनो/ला-निनो की तटस्थ स्थिति और हिंद महासागरीय द्विध्रुव (IOD) के नकारात्मक से तटस्थ होते प्रभावों पर आधारित है। इन परिस्थितियों से मॉनसून की अनुकूलता और बेहतर होती दिख रही है। कृषि, जल प्रबंधन और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए यह पूर्वानुमान महत्वपूर्ण है। क्योंकि अधिक वर्षा और कम तापमान से फसल उत्पादन, जल संसाधनों और जनजीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। बताते चले कि यूपी में 2 जून तक बारिश होने की संभावना है। हालांकि 1 और 2 जून को प्रदेश के पश्चिमी यूपी में मौसम को लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी है।

Related Articles

Back to top button