
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि आज राज्य में करीब 18 लाख आवास का संकल्प पूरा हो गया है। मैं यहां आकर प्रसन्न हूं और सभी को बधाई देता हूं। इसके साथ ही मामा शिवराज ने कांग्रेस पर हमला भी बोला। मामा ने कहा कि कांग्रेस ने मोर आवास मोर अधिकार को छीना है। मगर आज ऐतिहासिक दिन है, एक संकल्प था जो आज पूरा हुआ।
भाजपा ने उस समय आंदोलन किया कि अगर हमारी सरकार बनी तो पात्र हितकारियों के मकान बनाएंगे। हम जो कहते हैं वो करते हैं। मोदी जी हैं तो मुमकिन हैं। जो वचन छत्तीसगढ़ की जनता को दिया था, वो आज पूरा हुआ। लगभग 18 लाख आवास थे। इनमें वो मकान भी थे, जो सीएम आवास योजना से जुड़े थे। सरकार ने कह तो दिया था, लेकिन वो अधूरे पड़े थे।
हमने आठ लाख से ज्यादा मकान छत्तीसगढ़ में पात्र हितकारियों के लिए राज्य सरकार को दिए थे। साढ़े तीन लाख के आसपास मकान फिर दिए। और अभी 2018 की सूची के तहत करीब 3 लाख के आसपास मकान बचे थे, आज उस सूची को भी संतृप्त कर दिया है।