
स्वप्न शास्त्र के मुताबिक, सोते समय देखे हुए सपने बेवजह नहीं आते हैं। इनमें से कुछ स्वप्न हमारे असल जीवन से जुड़े हुए होते हैं। ये सपने में हमें भविष्य में होने वाले कई प्रकार के अच्छे-बुरे संकेत देते हैं। अगर सोते समय सपने में शुभ चीजें दिखाई दें, तो इसका अर्थ है कि आपको आने वाले समय में कहीं से कोई लाभ हो सकता है। वहीं, अगर सपने में कुछ ऐसी चीजें दिखाई दें, जो स्वप्न शास्त्र के अनुसार शुभ नहीं होती हैं, तो इससे भविष्य में व्यक्ति को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
अगर आपने सपने में बिल्ली और कुत्ते को लड़ते हुए देखा है, तो यह अच्छा संकेत नहीं होता है। ऐसे स्वप्न को बेहद अशुभ माना जाता है। यह बताता है कि आने वाले समय में आपके सामने कोई बड़ी मुसीबत आ सकती है और आपका सामना अपने दुश्मन से हो सकता है। ऐसे में व्यक्ति को संभलकर रहना चाहिए और किसी भी व्यक्ति पर आंखें बंद करके भरोसा करने से बचना चाहिए। इस सपने का मतलब हो सकता है कि आपको आने वाले समय में कोई अशुभ समाचार सुनने को मिल सकता है।
रात में सोते समय सपने में खटमल देखना शुभ संकेत नहीं होता है। इस स्वप्न का अर्थ हो सकता है कि आने वाले समय में कार्यों में सफलता हासिल करने के लिए आपको बहुत ज्यादा संघर्ष करना पड़ सकता है। इस तरह का स्वप्न देखना इस बात का संकेत माना जाता है कि व्यक्ति को जीवन में कई बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में कोई भी काम या निर्णय सोच-समझकर लेना चाहिए।
माना जाता है कि सपने में गधा देखना शुभ संकेत नहीं होता है। ऐसा सपना देखना बहुत बड़ा अपशकुन साबित हो सकता है। इसका अर्थ हो सकता है कि आपको आने वाले समय में मृत्यु के समान पीड़ा देने वाले किसी दुख का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, सपने में गधे की सवारी करना भी अशुभ संकेत माना जाता है। इसका मतलब होता है कि भविष्य में आपके सामने कोई बहुत बड़ी समस्या आ सकती है। सोते समय सपने में गधे की चीख सुनना भी अच्छा नहीं माना जाता है। ऐसे सपने का अर्थ होता है कि आपको किसी चीज को लेकर दुखों का सामना करना पड़ सकता है।
अगर आपने सपने में गिरगिट को देखा है, तो यह एक अशुभ संकेत हो सकता है। ऐसे सपने का अर्थ होता है कि आपको आने वाले समय में कोई अशुभ समाचार सुनने को मिल सकता है। इसके अलावा, यह भविष्य में किसी झगड़े में फंसने का संकेत भी हो सकता है। ऐसे में आपको अपने दुश्मनों से दूर रहना चाहिए। यह सपना आने वाले समय में दोस्तों या रिश्तेदारों से धोखा मिलने का संकेत भी हो सकता है।
सोते समय सपने में कौए को रोते हुए देखना या उसे डरावनी आवाजें निकालते देखना अशुभ संकेत माना जाता है। यह सपना बताता है कि आने वाले समय में आपके घर में कोई बड़ी समस्या आ सकती है या किसी दुख का सामना करना पड़ सकता है। अगर आप सपने में कौए को कुछ चुराकर ले जाते हुए देखते हैं, तो इसका अर्थ है कि आपको किसी दुर्घटना का सामना करना पड़ सकता है, जिससे आपकी टेंशन बढ़ने लगेगी। इसके अलावा, सपने में कौए को अपना पीछा करते हुए देखना भी अच्छा संकेत नहीं होता है। इसका अर्थ हो सकता है आप कोई बड़ी गलती कर सकते हैं।