ब्रजेश पाठक का अखिलेश पर तीखा हमला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव को “डिरेल्ड” बताते हुए कहा कि उन्हें न तो भारत की आत्मा की समझ है और न ही उत्तर प्रदेश की प्रगति का अंदाजा। ब्रजेश पाठक का यह बयान अखिलेश यादव द्वारा रविवार को भाजपा सरकार पर नफरत की राजनीति करने और युवाओं, किसानों और आम जनता को धोखा देने के आरोप के बाद आया है। इसके अलावा पाठक ने वक्फ बिल पर संसद के फैसले का इंतजार करने की बात कही और पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव डिरेल्ड हैं। उन्हें पता ही नहीं भारत की आत्मा कहां है। उत्तर प्रदेश कितना आगे जा चुका है। वक्फ बिल पर पूछे गए सवाल के जवाब में ब्रजेश पाठक ने कहा कि संसद का फैसला सर्वोपरि है। देश में संसद सर्वोच्च है। जो भी निर्णय आएगा, उसका इंतज़ार कर रहे हैं। जो भी निर्णय आएगा, वहां से पास होकर आएगा। सरकार संसद के फैसले का सम्मान करेगी।

इसके अलावा ब्रजेश पाठक ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि है। उनको नमन करता हूं। उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्होंने प्रदेश के विकास में बहुत अहम रोल अदा किया है। बहुगुणा के केंद्रीय वित्त मंत्री के रूप में देश के विकास में योगदान को भी याद किया।

Related Articles

Back to top button