प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी के सांसद व भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन आज प्रयागराज पहुंचे। प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है। उन्होंने पूजा-अर्चना कर संगम में डुबकी लगाई। नाव पर बैठकर सैर भी की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को भी यहां आकर स्नान करना चाहिए। जिससे उन्हें सनातन संस्कृति की बेहतर समझ मिल सके।
रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी महाकुंभ में आएंगे। संगम में स्नान कर साधु-संतों से आशीर्वाद लेंगे। दोनों नेता कांग्रेस के सेवा दल के शिविर में आएंगे। सेवादल से जुड़े एक पदाधिकारी ने बताया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम का शेड्यूल अभी नहीं आया है। हालांकि, कांग्रेस की तरफ से इस बारे में कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है।
कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संगम पहुंचेंगे। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर होने वाले अमृत स्नान की तैयारियों का जायजा लेंगे। अनुमान है, मौनी अमावस्या पर 8-10 करोड़ श्रद्धालु स्नान करने आएंगे। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह भी शनिवार को प्रयागराज में सेना के अफसरों के साथ मीटिंग करेंगे।
महाकुंभ का आज पांचवां दिन है। आज अब तक 19 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया है। इस तरह महाकुंभ में अब तक कुल 7 करोड़ लोग संगम स्नान कर चुके हैं। लखनऊ में गुरुवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महाकुंभ को लेकर सरकार पर तंज कसा था। कहा था कि सरकार का हर आंकड़ा फर्जी है। कुछ ट्रेनें खाली जा रही हैं।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने दिल्ली में इस पर पलटवार किया। कहा कि उनके बयान का कोई आधार नहीं है। दुनिया देख रही है कि महाकुंभ किस तरह लोगों के बीच लोकप्रिय है। देश से ही नहीं, विदेश से भी लोग पहुंच रहे हैं। अखिलेश यादव के सर्टिफिकेट की जरूरत सरकार को नहीं है।