बेंगलुरु, मुंबई शहरों में इस वर्ष बढ़ा सबसे ज्यादा किराया

बेंगलुरु और मुंबई दोनों शहरों में इस साल यानी 2023 में सबसे ज्यादा 30 प्रतिशत से अधिक किराए में बढ़ोतरी हुई।महानगरों में रहने वाले लोगों की एक बड़ी समस्या वहां लगातार हो रहे किराए में बढ़ोतरी है। दूर-दूर से नौकरी या पढ़ाई की तलाश में आकर लोग बड़े शहरों में रहते हैं। उनकी कमाई का एक बड़ा हिस्सा किराया देने में चला जाता है। सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना उन लोगों को करना पड़ता है, जिनकी सैलरी कम होती है। कई बार मकान मालिक मनमाने तरीके से किराए को बढ़ा देते हैं, जिससे किराएदारों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।

एक सर्वे में सामने आया है कि इस साल भारत के कौन से शहरों में किराए में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई। यह सर्वे नोब्रोकर और एनारॉक का है। सर्वे के मुताबिक इसबार कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में किराया सबसे ज्यादा बढ़ा है। इसकी वजह बेंगलुरु में ज्यादा लोगों का शिफ्ट होना है। बेंगलुरु के साथ ही देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी किराए में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। बेंगलुरु और मुंबई दोनों शहरों में इस साल यानी 2023 में सबसे ज्यादा 30 प्रतिशत से अधिक किराए में बढ़ोतरी हुई।

हैदराबाद और पुणे में भी इस साल किराया काफी ज्यादा बढ़ा है। दिल्ली एनसीआर, कोलकाता और चेन्नई में किराया 9-14 प्रतिशत बढ़ा है। नो ब्रोकर की रिपोर्ट के मुताबिक 7 प्रतिशत मकान मालिकों ने इस साल 30 प्रतिशत से ज्यादा किराया बढ़ा दिया। सर्वे में शामिल होने वाले बेंगलुरु के 52 प्रतिशत मकान मालिक किराए से होने वाली कमाई पर पूरी तरह निर्भर हैं। इस साल रीयल स्टेट क्षेत्र में प्रॉपर्टी की मांग बढ़ी है। खासकर बेंगलुरु में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।

Related Articles

Back to top button