मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

मध्य प्रदेश। आज दो राज्यों- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हुए शपथ ग्रहण समारोह की बात है तो आपको बता दें कि भाजपा विधायक दल के नेता और उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव ने बुधवार को भोपाल में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 58 वर्षीय मोहन यादव को राज्य की राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने पद की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने जगदीश देवड़ा (मंदसौर के मल्हारगढ़ से विधायक) और राजेंद्र शुक्ला (रीवा से विधायक) को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और नितिन गडकरी भी मौजूद रहे। शपथ समारोह में जाने से पहले मोहन यादव ने भोपाल में एक मंदिर में पूजा-अर्चना की। वह जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक पंडित दीनदयाल उपाध्याय और भाजपा के संस्थापक विचारक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय भी गए।

तीन बार के भाजपा विधायक मोहन यादव मध्य प्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री हैं। वर्ष 2003 के बाद से, मध्य प्रदेश में भाजपा के सभी तीन मुख्यमंत्री, अर्थात उमा भारती, बाबूलाल गौर और चौहान, अन्य पिछड़ा वर्ग से रहे हैं। साथ ही, मोहन यादव भी ओबीसी वर्ग से आते हैं। मुख्यमंत्री के रूप में मोहन यादव की नियुक्ति से भाजपा के दिग्गज नेता और चार बार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के युग का भी अंत हो गया, जिन्होंने करीब दो दशकों तक राज्य की राजनीति पर दबदबा बनाए रखा।

मोहन यादव मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में नहीं थे। उन्हें अहम पद की जिम्मेदारी देना आगामी लोकसभा चुनावों से पहले अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय पर पकड़ मजबूत करने के लिए भाजपा के एक कदम के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की आबादी में ओबीसी की हिस्सेदारी 48 प्रतिशत से अधिक है। मोहन यादव के पास पीएचडी, एलएलबी और एमबीए की डिग्री है। वह पहली बार साल 2020 में मंत्री बने थे जब कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के पतन के बाद भाजपा सत्ता में वापस आई थी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर डॉक्टर मोहन यादव को बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ सरकार दोगुने जोश के साथ काम करेगी तथा विकास के नए प्रतिमान गढ़ेगी। उन्होंने मध्य प्रदेश की जनता को भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार उनके जीवन को आसान बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़गी।

Related Articles

Back to top button