Trending

फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, प्रशासन अलर्ट

मीरजापुर। अचानक मौसम बदलने व बारिश होने से एक बार फिर गंगा जलस्तर बढ़ने लगा है। बुधवार की दोपहर तक गंगा जलस्तर 69.240 मीटर पहुंच गया। वहीं उत्तराखंड व यमुना नदी में पानी बढ़ने के चलते फिर से गंगा जलस्तर में बढ़ोत्तरी शुरू हो गई है। गंगा का जलस्तर आधा सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। हालांकि अभी चेतावनी बिंदु 76.724 मीटर से काफी नीचे पानी बह रहा है। वहीं प्रशासन पहले से अलर्ट है।

करीब 15 दिन पूर्व गंगा जलस्तर 73 मीटर पहुंचा गया था। इससे तटवर्ती क्षेत्र कोन ब्लाक के हरसिंगपुर आदि गांव में गंगा किनारे बोई गई सब्जियों की फसल डूब गई थी। बाढ़ की संभावना भी थी, लेकिन पानी घटने से किसानों और प्रशासन ने राहत की सांस ली थी। रविवार को गंगा जलस्तर 68 मीटर तक आ गया था, लेकिन सोमवार से एक बार फिर बढ़ोतरी शुरू हो गई और बुधवार की दोपहर 69.240 मीटर तक जलस्तर पहुंच गया। प्रशासन की मानें तो दूसरे प्रदेशों के नदियों में पानी का बढ़ाव हुआ है। इसके चलते यहां भी पानी बढ़ने लगा है। दूसरा कारण मंगलवार को हुई बारिश भी है। हालांकि अभी बहुत अधिक पानी का बढ़ाव नहीं है। आधा सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पानी का बढ़ाव जारी है। चेतावनी बिंदु 76.724 मीटर है। इससे पानी अभी बहुत नीचे है। फिर भी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि गंगा के जलस्तर पर लगातार निगाह बनाए रखें।

Related Articles

Back to top button