Trending

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा किया

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर लिया। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रपति भवन में जनजातीय दर्पण गैलरी और क्रिकेट पवेलियन सहित विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। इसके अलावा राष्ट्रपति पद के एक वर्ष पर ई-बुक भी लॉन्च की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि प्रौद्योगिकी के माध्यम से राष्ट्रपति भवन पिछले एक साल में अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने में सक्षम हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति भवन के अधिकारी प्रौद्योगिकी और नवाचार का उपयोग करके प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए काम करना जारी रखेंगे।

अपने राष्ट्रपति पद के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कई गतिविधियों में भाग लिया। इसमें राष्ट्रपति संपदा में स्थित शिव मंदिर के पुनर्विकास और डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय के खेल मैदान में क्रिकेट पवेलियन के निर्माण की आधारशिला रखी। उन्होंने इंटेल इंडिया के सहयोग से राष्ट्रपति भवन द्वारा विकसित एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सक्षम गैलरी – नवाचारा का उद्घाटन किया गया। यह गैलरी छह इंटरैक्टिव प्रदर्शनों से सुसज्जित है, जो राष्ट्रपति भवन की भव्यता के बारे में जानकारी प्रदान करती है। उन्होंने राष्ट्रपति भवन के वस्त्र संग्रह – सूत्र-कला दर्पण का उद्घाटन किया गया। प्राचीन वस्त्रों की गैलरी में जरदोज़ी और सोने की कढ़ाई वाले मखमल से लेकर कालीन, बिस्तर और टेबल कवरिंग से लेकर बढ़िया मलमल और रेशम के पर्दे तक शामिल हैं।

राष्ट्रपति ने जनजातीय दर्पण गैलरी का उद्घाटन किया। यह गैलरी विभिन्न आदिवासी समुदायों की सामान्य और कनेक्टिंग सांस्कृतिक विशेषताओं को प्रदर्शित करती है। इस गैलरी की स्थापना राष्ट्रपति भवन द्वारा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के सहयोग से की गई है।

मुर्मू ने भारत के राष्ट्रपति और राष्ट्रपति भवन की पुनर्विकसित वेबसाइट लॉन्च की। उन्होंने ई-बुक (लिंक https://rb.nic.in/rbebook.htm) के रूप में राष्ट्रपति पद के पिछले एक वर्ष की झलकियों का एक संकलन भी जारी किया।

राष्ट्रपति ने आयुष कल्याण केंद्र, राष्ट्रपति संपदा पर पुस्तक की पहली प्रति प्राप्त की, जिसका शीर्षक ‘स्वास्थ्य का संरक्षण, परंपराओं को अपनाना’ है।

वेबसाइट लॉन्च कार्यक्रम में अपनी संक्षिप्त टिप्पणी में राष्ट्रपति के सचिव राजेश वर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति भवन ने पिछले एक साल में कई नागरिक केंद्रित पहल की हैं, जैसे राष्ट्रपति निवास, मशोबरा और राष्ट्रपति निलयम को पूरे साल जनता के लिए खोलना, अमृत उद्यान खोलने की अवधि बढ़ाना और आगंतुक स्लॉट की संख्या में वृद्धि करना। राष्ट्रपति संपदा में आउट-ऑफ़-बॉक्स सोच को बढ़ावा देने और समग्र कामकाजी और रहने के माहौल में सुधार के लिए एक चिंतन शिविर का आयोजन किया गया था। उन्होंने इन पहलों में मार्गदर्शन और संरक्षण के लिए राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया।

Related Articles

Back to top button