कर्नल सोफिया कुरैशी ने सबूत के साथ खोली पाक की पोल

नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के साथ तनाव को लेकर लगातार चौथे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस की। विदेश सचिव विक्रम मिसरी, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दी। पाकिस्तान ने 8-9 मई की रात को सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की। भारतीय सेना ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। पाकिस्तान ने LoC पर भी भारी गोलीबारी की, जिसमें कुछ जवान घायल हो गए।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस 7, 8 और 9 मई को हुई पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंसों की अगली कड़ी थी। सरकार ऑपरेशन सिंदूर के बारे में लगातार जानकारी दे रही है। कर्नल सोफिया कुरैशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम बातें बताईं। उन्होंने कहा कि 8-9 मई की रात को पाकिस्तानी सेना ने हमला किया। उनका इरादा सैन्य ढांचे को नुकसान पहुंचाना था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश की। लगभग 300-400 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया।

कर्नल कुरैशी के अनुसार, इन ड्रोन का मकसद खुफिया जानकारी जुटाना और वायु रक्षा प्रणालियों की जानकारी लेना था। शुरुआती जांच में पता चला है कि ये ड्रोन तुर्किये के थे। भारतीय सेना ने इन सभी ड्रोनों को मार गिराया। एक यूएवी भी घूम रहा था, जिसे निष्क्रिय कर दिया गया। पाकिस्तान ने LoC (लाइन ऑफ कंट्रोल) पर भी भारी गोलीबारी की। उन्होंने नागरिकों को ढाल के रूप में इस्तेमाल किया।

कर्नल कुरैशी ने आगे कहा कि पंजाब सेक्टर में हाई एयर डिफेंस अलर्ट के दौरान भारतीय एयरस्पेस नागरिक उड़ानों के लिए बंद था। लेकिन पाकिस्तान के इलाके में नागरिक उड़ानें चल रही थीं। पाकिस्तान का एक नागरिक विमान दम्मम से उड़ान भरकर लाहौर तक गया। भारतीय वायुसेना ने संयम बरतते हुए अंतरराष्ट्रीय नागरिक विमान सेवा की सुरक्षा सुनिश्चित की। पाकिस्तान के यूएवी ने भठिंडा आर्मी स्टेशन को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे गिरा दिया गया।

Related Articles

Back to top button