Trending

 वकीलों के आंदोलन को राजनीतिक दलों ने दिया समर्थन

मेरठ। हापुड़ में वकीलों पर पुलिस के लाठीचार्ज का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। लाठीचार्ज के विरोध में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वकीलों की हड़ताल चल रही है। हड़ताल को राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिल रहा है।

हापुड़ में सिपाही और महिला अधिवक्ता के बीच विवाद में पुलिस ने अधिवक्ता व उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके विरोध में आंदोलन कर रहे अधिवक्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। पुलिस के इस लाठीचार्ज का पूरे प्रदेश में विरोध किया जा रहा है। हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आह्वान पर 22 जिलों में अधिवक्ता हड़ताल कर रहे हैं। दो दिन पहले मेरठ में अधिवक्ताओं ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के गनर की पिटाई कर दी थी। अब अधिवक्ताओं के आंदोलन को राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन देना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने लाठीचार्ज का विरोध किया और अधिवक्ताओं के आंदोलन को समर्थन दे दिया। अब शुक्रवार को रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी वकीलों पर किए गए लाठीचार्ज की घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता प्रियंका त्यागी और अन्य अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की भर्त्सना करता हूं। हापुड़ के डीएम और एसपी को तुरंत निलंबित किया जाए तथा अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Back to top button