Trending

खड़गे ने पूछा- आईएनडीआईए गठबंधन से मोदी सरकार में बौखलाहट क्यों

भीलवाड़ा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा आईएनडीआईए गठबंधन से भाजपा वाले घबरा गए हैं। अब इंडिया की जगह ‘भारत’ कह रहे हैं। यह तो संविधान में ही लिखा है- इंडिया दैट इज भारत। हम तो पहले ही ‘भारत जोड़ो’ की बात कह रहे हैं। खड़गे ने दावा किया कि राजस्थान की जनता कांग्रेस को दोबारा चुनेगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे बुधवार को भीलवाड़ा जिले में किसान व पशुपालक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश के कई मंत्री मौजूद रहे। सम्मेलन में आस पास के जिलों से हजारों की तादाद में पार्टी कार्यकर्ता व पशुपालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कामधेनु योजना को लांच किया। इसके अलावा विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। इसमें भीलवाड़ा डेयरी का 223 करोड़ रुपये का संयत्र भी शामिल है।

खड़गे ने कहा कि लाल डायरी को दिखाकर डरा रहे हैं। लाल डायरी में कुछ नहीं है। भाजपा अपने पास उसे रखे रहे। देश में भाजपा ने दो करोड़ नौकरी का वादा किया पर कितनी दी, एक भी नहीं। तीन काले कानून लाए तो 750 किसानों को बलि देनी पड़ी। नोटबंदी हुई पर भ्रष्टाचार खत्म नहीं हुआ। भाजपा ने 15 लाख का देने का वादा किया था, क्या हुआ। खड़गे ने दावा किया था कांग्रेस को देश चलाना आता है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए खड़गे ने कहा कि विपक्ष को गालियां देने के लिए भाजपा को राज करने का अधिकार नहीं दिया है। लोगों की बुनियादी समस्याओं की बात नहीं करते। हमारे लोगों को डराया जा रहा है। ईडी और सीबीआई के छापे डाले जा रहे हैं। मुझे राजनीति में 57 साल हो गए। 52 साल से एमएलए व एमपी रहा हूं। 13 में से केवल एक चुनाव हारा हूं। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने हमेशा आमजन के हित में काम किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा की परिवर्तन यात्राओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यात्राएं फेल हो रही हैं। भाजपा की चार यात्राएं निकल रही हैं। भाजपा के बड़े नेता आ रहे हैं, लेकिन यात्रा फ्लॉप हो रही हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने हमेशा आमजन के हित में काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के महागठबंधन में खड़गे की बहुत बड़ी भूमिका रही है। मोदी को विपक्षी गठबंधन से कठिनाई क्यों हो रही है? मोदी सरकार आईएनडीआईए गठबंधन से घबरा गयी है।

गहलोत ने कहा कि वन नेशन, वन इलेक्शन की बात हो रही है, लेकिन विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया गया। विपक्ष को यह पूछने का अधिकार है कि केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र क्यों बुलाया है? यह भी विपक्ष को नहीं बताया गया कि संसद सत्र क्यों बुलाया? देश किस दिशा में जा रहा है और किस दिशा में जाएगा कोई नहीं कह सकता। उन्होंने दावा किया कि हमारी सरकार में बेहतरीन काम हुआ है। इन कामों के बदौलत ही लोग कह रहे हैं कि सरकार रिपीट हो रही है।

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि मोदी सरकार कहती है कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस ने क्या किया। मैं कहता हूं जवाहर लाल नेहरू हरित क्रांति लेकर आए हैं। मोदी सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया।

राजस्व मंत्री राामलाल जाट ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कलयुग का लोकदेवता बताया है। गुलाबपुरा की सभा में मंच संचालन कर रहे रामलाल जाट ने सीएम अशोक गहलोत को भाषण देने मंच पर बुलाने का अनाउसमेंट करते समय उन्हें लोकदेवता कहकर संबोधित किया। रामलाल जाट ने कहा कि मैं अब ऐसे लोकदेवता को बुलाना चाहता हूं, जो कलयुग में हर घर में साल भर में 70 हजार रुपए का फायदा दे रहे हैं। ऐसे अशोक गहलोत को मैं मंच पर आंमत्रित कर रहा हूं।

Related Articles

Back to top button