
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार आज 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को दोहरा तोहफा दे सकती है। पहला महिला समृद्धि योजना के तहत 2500 रुपये देने की घोषणा और दूसरा होली-दीवाली पर मुफ्त सिलेंडर देने की योजना है। इसे लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है।
दिल्ली सरकार के सूत्रों ने बताया कि महिला समृद्धि योजना का लाभ एक परिवार से एक ही महिला को मिलेगा। उम्मीद है कि अप्रैल से पात्र महिलाओं को पैसे मिलने लगेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव के मुताबिक, राजधानी दिल्ली की 17 से 18 लाख महिलाएं इस योजना के लाभ के दायरे में आएंगी। दिल्ली सरकार योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में महिलाओं के बीच इसकी घोषणा करेगी।
उम्मीद है कि, दिल्ली सरकार आज से महिलाओं को 2500 रुपये देने की महिला समृद्धि योजना लॉन्च कर रजिस्ट्रेशन शुरू कर देगी। रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल भी शुरू होगा। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, महिला एवं बाल विकास विभाग ने गुरुवार को महिला समृद्धि योजना का प्रस्ताव भेज दिया था। इसमें ढाई लाख रुपये सालाना आय वाली महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। साथ ही न्यूनतम उम्र 18 से बढ़ाकर 21 वर्ष भी करने का प्रस्ताव है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि महिला समृद्धि योजना का लाभ पाने के लिए न्यूनतम उम्र 21-60 साल के साथ अधिकतम सालाना आय 2.50 लाख रुपये तय की गई है।
अगर कोई महिला पहले से ऐसी किसी योजना का लाभ ले रही है तो वह भी इसके दायरे में नहीं आएगी। मसलन, किसी को विधवा पेंशन, बुजुर्ग पेशन, सरकारी पेंशन मिल रही है तो उसे इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। सूत्रों ने बताया कि नए प्रस्ताव में इस योजना का लाभ 18 से 20 लाख महिलाओं को मिलेगा। योजना के लिए पात्र महिलाओं से रजिस्ट्रेशन के लिए दिल्ली का वोटर कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक अकाउंट, आय प्रमाण पत्र, आधार और बैंक से लिंक मोबाइल नंबर आदि जानकारी मांगी जा सकती हैं।
भाजपा ने दिल्ली चुनाव में महिलाओं को 2500 रुपये आर्थिक सहायता योजना की घोषणा की थी। सरकार गठन के बाद ही योजना को लेकर काम शुरू हो गया था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जिन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग अपने पास रखा है, उन्होंने इस योजना को लेकर पहली बैठक सरकार गठन के दो दिन बाद ही ली थी। उसमें इस योजना पर विस्तार से मंत्रियों, मुख्य सचिव और वित्त विभाग के साथ चर्चा हुई थी।
सूत्रों ने बताया कि कैबिनेट बैठक में होली और दीवाली पर मुफ्त सिलेंडर देने के साथ हर महीने गैस सिलेंडर पर 500 रुपये की छूट की घोषणा भी हो सकती है। यह लाभ उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ता को मिलेगा। राजधानी दिल्ली में फिलहाल करीब 2.59 लाख उज्जवला गैस कनेक्शन हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार महिलाओं ने भाजपा पर भरोसा जताया था। दिल्ली की जिन 40 विधानसभा सीटों पर पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने मतदान किया, इनमें से भी 72.5 फीसदी सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी।