
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के विधायक तापस साहा का गुरुवार सुबह कोलकाता के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उन्हें ब्रेन हैमरेज (मस्तिष्काघात) हुआ था, उनकी उम्र 66 साल थी। बता दें कि तापस साहा पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की तेहट्टा विधानसभा सीट से विधायक थे।
मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ईएम बायपास के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और गुरुवार तड़के उनका निधन हो गया। तापस साहा के निधन से नदिया जिले और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर फैल गई।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छपरा से विधायक रुकबानुर रहमान ने बताया कि कई जिला स्तर के नेता कोलकाता पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें मंगलवार को ब्रेन स्ट्रोक के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज सुबह उनका निधन हो गया। अंतिम संस्कार की जानकारी परिवार और पार्टी की सलाह के बाद दी जाएगी।