यूपी में धूप और लू का प्रकोप

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदल गया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने की संभावना जताई गई है। इस तरह आगामी दिनों में गर्मी बढ़ सकती है। फिलहाल प्रदेश में दिन के समय भीषण गर्मी पड़ रही है। साथ ही रात के समय में भी गर्मी होने लगी है। यह सिलसिला आने वाले दिनों में भी जारी रह सकता है। वहीं सबसे ज्यादा बांदा में 43.4 डिग्री अधिकतम और बलिया में 29 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

13 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है। इस दौरान दोनों हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं उष्ण रात्रि होने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो मंगलवार को गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर और बस्ती उष्ण रात्रि होने की संभावना है। साथ ही संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, अम्बेडकरनगर और उसके आस-पास के इलाकों में उष्ण रात्रि होने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बीते पखवाड़े में मौसमी गतिविधियों में कमी आई है। पिछले 48 घंटों में तापमान बढ़ा है और अगले 4-5 दिनों में इसमें और 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में आज और कल उष्ण रात्रि (Warm Night) की स्थिति रहेगी।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 14 मई से 15 मई तक पूर्वांचल और तराई के इलाकों में कहीं-कहीं लू या उष्ण लहर चलने की चेतावनी है। अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 16 मई से यह लू प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में फैल सकती है, जबकि तराई में संभावित बारिश के चलते लू की स्थिति कमजोर पड़ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दोनों हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। पूर्वी यूपी में कहीं -कहीं पर उष्ण लहर उठने की संभावना है। 15 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है। इस दौरान दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं पर उष्ण लहर की संभावना है। रात में आंधी चलने पर गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

लखनऊ में 40 डिग्री अधिकतम और 26.8 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। वाराणसी बीएचयू में 41.1 डिग्री, उरई में 41.1 डिग्री, आगरा ताज में 40.7 डिग्री, मुरादाबाद में 41.2 डिग्री और सुल्तानपुर में 40.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। कानपुर शहर में 28 डिग्री, लखीमपुर खीरी में 28 डिग्री, गाजीपुर में 28 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

Related Articles

Back to top button