सपा प्रमुख ने योगी सरकार पर कसा तंज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक शादी समारोह के दौरान तेंदुआ घुसने के बाद हड़कंप मच गया। मामला लखनऊ पारा के बुद्धेश्वर स्थित एमएम मैरेज लॉन का है। वहां चल रहे शादी समारोह में रात करीब 10:30 बजे एक जंगली जानवर घुस आया था। उसको देख वहां मौजूद लोगों में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। अब इस मामले पर सपा प्रमुख ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर जोरदार तंज कसा है। उन्होंने आवारा पशुओं से लेकर अब जंगली जानवरों के शहर में घूमने पर तंज कसा। साथ ही, तेंदुए का नाम बदलने का भी सुझाव दे दिया।

पारा के बुद्धेश्वर स्थित एमएम मैरेज लॉन में बुधवार रात भर हड़कंप मचा रहा। जंगली जानवर के घुसने के कारण विवाह स्थल पर हड़कंप मच गया। तेंदुए को देखकर शादी समारोह में भाग लेने पहुंचा एक व्यक्ति छत से कूद गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग की टीम मैरिज हाल में घुसे जानवर की तलाश जुटी। सुबह करीब 3 बजे तेंदुए को पकड़ने में वन विभाग की टीम सफल हुई। इस बीच हड़कंप मचा रहा।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की जुमलाजीवी भाजपा सरकार अभी छुट्टा पशुओं की समस्या का ही समाधान ढूंढ़ नहीं पाई थी। अब उसके सामने एक और चुनौती आ गई है और वह है प्रदेश की राजधानी में तेंदुए का हमला।

उन्होंने कहा कि लखनऊ में एक शादी समारोह में तेंदुए के प्रवेश का समाचार चिंताजनक है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार का एक रूप ये भी है कि जंगलों में इंसानों का अतिक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में हिंसक जंगली जानवर भोजन की तलाश में जंगलों से निकलकर शहरों की तरफ आने को मजबूर हो रहे हैं।

अखिलेश ने कहा कि इस प्रकार के मामले से आम जनमानस का जीवन खतरे में पड़ गया है। उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में कोई कार्रवाई होगी? या सरकार यह कहकर इस घटना पर पर्दा डाल देगी कि वो तेंदुआ नहीं ओवरसाइज बिल्ला था। तंज भरे अंदाज में अखिलेश ने कहा कि यह भी हो सकता है तेंदुए का नाम बदलकर बड़ा बिल्ला रख दिया जाए और मामला रफा-दफा कर दिया जाए।

पारा के मैरेज हॉल में तेंदुए की खबर के बाद हरदोई जिले के कछौना रेंज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। तेंदुए को काबू में करने का प्रयास शुरू किया गया। रेंजर लॉन की दूसरी मंजिल पर जीने से चढ़कर तेंदुए को रेस्क्यू करने जा रहे थे। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान अधिकारी लड़खड़ा गए। अब इस मामले को सपा अध्यक्ष ने उठाया है।

Related Articles

Back to top button