
मुंबई। ‘चक दे इंडिया’ एक्ट्रेस सागरिका घाटगे और क्रिकेटर जहीर खान के घर-आंगन में किलकारियां गूंजी है। एक्ट्रेस ने पर इस बात की जानकारी एक अलग तरीके से फैंस को दी है। साथ ही नन्हें राजकुमार का नाम भी बताया है। शादी के 8 साल बाद उनकी सूनी कोख भरी है, जिस कारण हर कोई खुश है। फिल्म इंडस्ट्री के तमाम लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।
सागरिका घाटगे ने क्रिकेटर जहीर खान से साल 2017 में एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। बाद में एक ग्रैंड रिसेप्शन दिया था। अब उन्होंने मां बनने का सुख हासिल किया है। एक्ट्रेस ने पति और बेटे के साथ दो ब्लैक एंड व्हाइट फोटोज पोस्ट की है। उसमें बच्चे की झलक दिखाई है, जिसे गोद में जहीर खान लिए हुए हैं और पीछे से सागरिका ने उन्हें गले लगाया है।
सागरिका घाटगे ने कैप्शन मे लिखा कि प्यार और आशीर्वाद से उन्होंने बेटे का स्वागत किया है और उसका नाम फतेह सिंह खान रखा है। इसके नाम का हिंदी मतलब बताएं तो वह ‘विजय’, ‘जीत’ या ‘विजेता’ होता है। ‘फतेह’ का इस्तेमाल अक्सर ‘वाहेगुरु जी की फतेह’ में भी इस्तेमाल होता है। जिसका मतलब ‘ईश्वर की जीत’ होता है।
सागरिका को एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने बधाई देते हुए तीन रेड हार्ट इमोजी के जरिए प्यार लुटाया है। करण सिंह ग्रोवर, हाल ही में बेटी की मां बनीं अथिया शेट्टी, सोहा अली खान, डायना पैंटी, नीरू बाजवा, अंगद बेदी, राम चरण की पत्नी उपासना, सोफी चौधरी, वीर पहाड़िया समेत अन्य ने बधाई दी है। एक्ट्रेस के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्होंने 2007 में डेब्यू किया था और अब वह अपकमिंग फिल्म ‘ललाट’ की शूटिंग कर रही हैं।