मॉस्को में ब्लास्ट, रूस के टॉप जनरल की मौत

मॉस्को। रूस की राजधानी में एक रूसी जनरल की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। रूसी जनरल को कार में बम विस्फोट के जरिए निशाना बनाया गया। रूस ने जानकारी देते हुए बताया कि रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के मुख्य संचालन निदेशालय के उप प्रमुख जनरल यारोस्लाव मोस्कलिक की मॉस्को के पास बालाशिका में एक कार विस्फोट में मौत हो गई। विस्फोट बालाशिका में नेस्टरोवा बुलेवार्ड में बिल्डिंग नंबर 2 के पास हुआ।

विस्फोट के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और भयंकर आग की लपटें उठनें लगीं। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मोस्कलिक कार के बगल से गुजर रहे थे, तभी विस्फोट हो गया और वे कई मीटर दूर जा गिरे। रूसी जांच समिति के हवाले से ताश ने बताया है कि घटनास्थल से आईडी विस्फोटक तत्वों के निशान पाए गए हैं।

रूसी आपातकालीन सेवाओं के हवाले से बताया है कि एक तात्कालिक विस्फोटक उपकरण से ब्लास्ट किया गया था, जिसकी विस्फोटक शक्ति 300 ग्राम से अधिक टीएनटी के बराबर थी। इन विस्फोटक उपकरणों को छर्रों से भरा हुआ बताया था। इसके टुकड़ें जांच के लिए भेजे जाएंगे। कुछ रिपोर्ट में दो लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

मोस्कलिक को मौत से कुछ समय पहले ही राष्ट्रपति पुतिन ने पदोन्नति दी थी और लेफ्टिनेंट जनरल बनाया गया था। मोस्कालिक ने कई वार्ताओं में रूसी रक्षा मंत्रालय का प्रतिनिधित्व किया था। इसके पहले दिसम्बर में रूस के रासायनिक और जैविक हथियारों के चीफ लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव और उनके सहयोगी को दक्षिणी-पूर्वी मॉस्को में विस्फोट में निशाना बनाया गया था। एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में विस्फोटक उपकरण लगाकर ब्लास्ट किया गया था, जिसमें जनरल किरिलोव और उनके सहयोगी मारे गए थे।

Related Articles

Back to top button