लखनऊ में बारिश से बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित

लखनऊ। लखनऊ में आई आंधी-बारिश से बिजली सप्लाई बेपटरी हो गई। देर रात तक करीब 300 अंडरग्रांउड फॉल्ट आए। ब्रेकडाउन से कई फीडर ठप पड़ गए। नजीराबाद चौराहे पर बारिश के दौरान खंभे पर एबीसी में ब्लास्ट हो गया। इसके बाद खंभे में करंट उतरने की सूचना पर अमीनाबाद उपकेंद्र से सप्लाई बंद कर दी गई। इस दौरान व्यापारी चार घंटे तक बिजली संकट से जूझते रहे। इसी तरह करीब 12 लाख लोगों को दो से चार घंटे बिजली संकट झेलना पड़ा।

नजीराबाद व्यापार संघ और अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश छबलानी ने बताया कि बाजार में दोपहर 12 बजे से बंद हुई बिजली सप्लाई चार बजे चालू हो सकी। वहीं, एक्सईएन सुशील कुमार ने बताया कि बारिश से पहले दोपहर 12:45 बजे ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट आया था। करीब दो बजे सप्लाई चालू की गई थी, लेकिन बारिश होने पर पोल में करंट उतरने की सूचना पर एक घंटे के लिए फिर सप्लाई बंद करनी पड़ी।

बालाघाट उपकेंद्र से जुड़े सरफराजगंज में रात करीब आठ बजे ब्लास्ट के साथ एबीसी केबल में आग लग गई। लोगों ने उपकेंद्र पर सूचना दी। इसके बाद सप्लाई बंद की गई। फिर लोगों ने पानी फेंककर आग बुझाई। यहां रात दस बजे तक भी सप्लाई शुरू नहीं हुई। उतरेटिया उपकेंद्र से बुधवार रात करीब 10:30 बजे हाई वोल्टेज के कारण बिजली सप्लाई बंद हो गई। रात करीब डेढ़ बजे सप्लाई बहाल की जा सकी। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि हाई वोल्टेज सप्लाई से कई बिजली उपकरण भी फुंक गए।

उतरेटिया न्यू उपकेंद्र का फीडर करीब दो बजे ब्रेकडाउन हो गया। इससे दो घंटे तक बिजली बंद रही। उतरेटिया न्यू उपकेंद्र का मालक रोड फीडर दोपहर सवा तीन बजे ब्रेकडाउन हो गया। काकोरी में 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया। धनुआसांड फीडर शाम करीब छह बजे ठप पड़ गया। सिंसेडी फीडर शाम 6:30 बजे ब्रेकडाउन हो गया। आवास विकास और बिजनौर की 11 केवी अंडरग्राउंड लाइन में शाम 6:30 बजे फॉल्ट आ गया। फॉल्ट के कारण मोहनलालगंज के कई गांवों में तीन से चार घंटे बिजली नहीं आई।

Related Articles

Back to top button