
लोकसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के शीर्ष नेता शुक्रवार शाम यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल के आवास पर एकत्र हुए।
राकांपा अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख सुनील तटकरे सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे।
शाह के साथ बातचीत के लिए शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भी राष्ट्रीय राजधानी में होने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार चलाने वाली भाजपा, शिवसेना और राकांपा लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की बारीकियों पर चर्चा कर रही हैं। शाह ने मंगलवार को अपने मुंबई दौरे के दौरान अजित पवार, फडणवीस और शिंदे के साथ बैठक की थी। महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीट हैं।