लखनऊ। 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर गुरुवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम, हजरतगंज में राज्य स्तरीय वॉकथान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लखनऊ के विभिन्न स्कूलों से 1,500 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने किया।
उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लोकतंत्र का पर्व बताते हुए कहा कि यह दिन भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना का प्रतीक है, जो लोकतंत्र को सशक्त बनाता है। रैली के दौरान बच्चों ने ‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’ जैसे प्रेरक संदेशों वाले बैनर और पंपलेट लेकर हजरतगंज की सड़कों पर जागरूकता फैलाई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा, भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। वोट डालना न केवल हमारा अधिकार है, बल्कि यह हमारी जिम्मेदारी भी है। एक वोट देश के भविष्य को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस कार्यक्रम में पहली बार बच्चों के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया।
रैली में मतदाता पंजीकरण, मतदान के महत्व और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में नागरिकों की भूमिका पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिनमें मतदान के महत्व पर आधारित नाटक और गीत शामिल थे। इस अवसर पर मंडलायुक्त रोशन जैकब और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।