
लखनऊ। अंतरिक्ष की असीम ऊंचाइयों को छूकर, लखनऊ के बेटे और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज सफलतापूर्वक पृथ्वी पर लौट आए हैं। Axiom-4 मिशन के तहत उन्होंने और उनके दल ने 18 दिनों तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में रहकर भारत का परचम अंतरिक्ष में फहराया है। ड्रैगन अंतरिक्ष यान के जरिए उनकी वापसी प्रशांत महासागर में हुई, जिसके बाद पूरे देश में जश्न का माहौल बन गया है। शुभांशु शुक्ला की सुरक्षित वापसी के दौरान मां आशा शुक्ला की आंख खुशी से नम हो गई और हाथ जोड़कर खड़ी रहीं।
शुभांशु की इस ऐतिहासिक वापसी पर लखनऊ स्थित उनके आवास को दीपों और पोस्टरों से सजाया गया है। माता-पिता की आंखें बेटे को धरती पर सकुशल देखकर नम हो गईं। उनके स्कूल, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) में भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जहां शिक्षक और छात्र गर्व और खुशी के साथ उनका नाम ले रहे थे। इस मौके पर केक भी काटा गया है। वहीं बेटे की सफल लैंडिंग देख शुभांशु की मां आशा अपने खुशी के आंसुओं को रोक नहीं पाई। इस दौरान पिता शंभु दयाल शुक्ला ने शुभांशु की मां को कंधे का सहारा देकर उनकी हिम्मत बनाए रखी। यह क्षण किसी भी मां के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था।
IAF ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की बहन शुचि मिश्रा ने कहा कि वो वापस आ गए हैं। यह पूरे देश के लिए बहुत गौरव का क्षण है। हम बहुत उत्साहित हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि मैं पूरे देश के साथ ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, क्योंकि वह अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन का दौरा करने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में उन्होंने अपने समर्पण, साहस और अग्रणी भावना से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है। यह हमारे अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन-गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत ने आज अंतरिक्ष की दुनिया में सचमुच एक स्थायी स्थान प्राप्त कर लिया है। यह भारत के लिए गौरव का क्षण है, क्योंकि हमारा एक यशस्वी पुत्र सफल यात्रा पूरी करके वापस लौट रहा है। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि शुभांशु शुक्ला के साथ देश के 140 करोड़ लोगों की शुभकामनाएं थीं। उन्होंने अंतरिक्ष में जाकर देश का मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने जब अंतरिक्ष से उनसे बात की, तब उन्हें भारत के स्पेस स्टेशन की संभावनाओं को टटोलने का निर्देश दिया था। वे भारत का भविष्य हैं और देश को उन पर गर्व है।