
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और जाने-माने उद्योगपति संजय कपूर की मौत के बाद अब उनकी संपत्ति को लेकर विवाद हो रहा है। करीब एक महीने पहले 12 जून को संजय की मौत दिल का दौरा बताया गया था, लेकिन अब इस पर भी सवाल उठने लगे हैं। 30 हजार करोड़ की संपत्ति और सोना ग्रुप में हिस्सेदारी को लेकर संजय कपूर की मां रानी कपूर ने पहले ही गंभीर आरोप लगाए थे, और अब खबर है कि करिश्मा कपूर भी इस संपत्ति में अपने बच्चों का हिस्सा मांग सकती हैं।
करिश्मा कपूर, संजय कपूर की संपत्ति में अपने बच्चों का हिस्सा मांग सकती है। दोनों की शादी 2003 से 2016 तक चली थी। इस दौरान दोनों के दो बच्चे समायरा और कियान हुए। संजय की संपत्ति में करिश्मा के दोनों बच्चों का हक है। ऐसे में रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्ट्रेस अपना हिस्सा लेने की तैयारी में हैं। हालांकि, करिश्मा या उनकी तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मां ने खुद को बताया असली वारिस
इस पूरे विवाद में संजय कपूर की मां रानी कपूर हैं, जिन्होंने दावा किया है कि सोना ग्रुप में उनकी हिस्सेदारी सबसे अधिक है और वही इस संपत्ति की असली वारिस हैं। रानी कपूर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग कंपनी पर नियंत्रण पाने की कोशिश कर रहे हैं और AGM (Annual General Meeting) से पहले उन्हें दबाव में लाकर कुछ कागजात पर दस्तखत करवा लिए गए। उन्होंने बेटे की मौत पर भी सवाल उठाए हैं।