जम्मू-कश्मीर आज खुलकर सांस ले रहा

जम्मू-कश्मीर।अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद कश्मीर की अपनी पहली यात्रा में, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में ‘विकसित भारत विकसित जम्मू कश्मीर’ कार्यक्रम के दौरान 6,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। इस दौरान पीएम ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, क्योंकि जम्मू-कश्मीर आज खुलकर सांस ले रहा है। बन्दिशों से ये आजादी आर्टिकल 370 हटने के बाद आई है। उन्होंने कहा कि दशकों तक सियासी फायदे के लिए कांग्रेस और उसके साथियों ने 370 के नाम पर जम्मू कश्मीर के लोगों को गुमराह किया, देश को गुमराह किया।

मोदी ने कहा कि 370 से फायदा जम्मू कश्मीर को था या कुछ राजनीतिक परिवार ही इसका लाभ उठा रहे थे। जम्मू कश्मीर की आवाम ये सच्चाई जान चुकी है कि उनको गुमराह किया गया था। कुछ परिवारों के फायदे के लिए जम्मू कश्मीर को जंजीरों में जकड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि आज 370 नहीं है, इसलिए जम्मू कश्मीर के युवाओं की प्रतिभा का पूरा सम्मान हो रहा है, उन्हें नए अवसर मिल रहे हैं। आज यहां सबके लिए समान अधिकार भी हैं, समान अवसर भी हैं।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि यहां की झीलों में जगह-जगह कमल देखने को मिलते हैं। 50 साल पहले बने जम्मू कश्मीर क्रिकेट एशोसिएशन के लोगो में भी कमल है। ये सुखद संयोग है या कुदरत का कोई इशारा कि भाजपा का चिन्ह भी कमल है और कमल के साथ तो जम्मू कश्मीर का गहरा नाता है। उन्होंने कहा कि जब इरादे नेक हों, संकल्प को सिद्ध करने का जज्बा हो तो फिर नतीजे भी मिलते हैं। पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे यहां जम्मू कश्मीर में G20 का शानदार आयोजन हुआ। आज यहां जम्मू कश्मीर में पर्यटन के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। अकेले 2023 में ही 2 करोड़ से ज्यादा पर्यटक यहां आए हैं।

Related Articles

Back to top button