
लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के मॉनसून सत्र में कहा कि यूपी पूरे देश की ऊर्जा का केंद्र बिंदु है। यूपी देश का ग्रोथ इंजन है। ‘विकसित भारत, विकसित यूपी विजन डॉक्यूमेंट 2047’ पर चर्चा के दौरान सीएम योगी ने कहा कि 24 घंटे से अनवरत चर्चा चल रही है। हमें सार्थक और व्यापक बहस करनी होगी। चर्चा लोकतंत्र को मजबूत करती है। इस चर्चा में सबका योगदान है।
सपा के ऊपर सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कुएं के मेंढक जैसे हैं। पीडीए का असल नाम है परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी। दुनिया आगे बढ़ गई पर ये लोग अपने परिवार तक ही सिमटे हैं। उन्होंने माता प्रसाद पांडेय पर भी हमला बोला। कहा- नेता प्रतिपक्ष जब अपने विवेक से बोलते हैं तो अच्छा बोलते हैं पर किसी और के विवेक से बोलते हैं तो मुर्गा याद आता है।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद से यूपी में कानून का राज है। पहले सरकारी योजनाओं में भेदभाद होता था। योजनाओं में भाई-भतीजावाद हावी था। अब यूपी की पहचान बेहतर कानून व्यवस्था से है। हमारा लक्ष्य लोगों को बिना भेदभाद सरकारी योजनाओं का लाभ देना है। अब यूपी की पहचान शांत और स्थिर प्रदेश से है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब बगैर तुष्टिकरण के पूरे प्रदेश का विकास हो रहा है। पीएम के विजन से भारत की विकास यात्रा बढ़ी है। हमारे कार्यकाल में यूपी में कई बड़े बदलाव आए। अब युवाओं को सरकारी नौकरी मिल रही है। यूपी में उद्योगों के लिए सुरक्षित माहौल बन गया है। यूपी की हिस्सेदारी हर क्षेत्र में बढ़ी है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि पहले की सरकारों में इच्छाशक्ति का अभाव था। योजनाएं तो तैयार होती थीं पर उन पर काम नहीं शुरू हो पाता था। वो विकास की कम, सत्ता की बात ज्यादा करते हैं।