लखनऊ में तेजी से पैर पसारने लगा कोरोना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब राजधानी लखनऊ में भी कोरोना के केस डराने लगे हैं। लखनऊ में धीरे-धीरे कोरोना अपने पैर पसारता जा रहा है। लोग कोरोना के बढ़ते मामलों से चिंतित होने लगे हैं। केजीएमयू में भी दो डॉक्‍टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि यूपी के स्वास्थ्य मंत्री का कहना है कि डरने की कोई बात नहीं है। लखनऊ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को आंकड़े जारी किए है जो बेहद चौंकाने और परेशान करने वाले हैं।

राजधानी लखनऊ में 8 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिसकी वजह से कोरोना के मामले और एक्टिव केस की संख्या में भारी इजाफा हो गया है। बीते 24 घंटे में लखनऊ में 8 नए कोविड पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिनमें 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। इसमें रक्षा खंड उद्यान में रहने वाली 33 वर्षीय महिला की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। साथ ही चौक और महानगर की रहने वाली 30-30 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है।

सके अलावा केशव विहार कल्याणपुर निवासी 42 वर्षीय पुरुष, 61 वर्षीय पुरुष इंदिरा नगर और शारदा नगर निवासी 66 वर्षीय पुरुष भी कोरोना से पॉजिटिव पाया गया है। साथ ही सरोजनीनगर निवासी 35 वर्षीय पुरुष और चौक निवासी 29 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

केजीएमयू में एक रेजिडेंट डॉक्टर और एक एमबीबीएस छात्र शहर में कोविड पॉज‍िटिव पाए गए। केजीएमयू के एक एसआर की रिपोर्ट मंगलवार को आई थी। उन्‍हें बुखार, सर्दी, खांसी और शरीर में दर्द जैसे लक्षण हो रहे थे। डॉक्टर अपने घर लखीमपुर खीरी चले गए। इसी तरह, एक एमबीबीएस थर्ड ईयर भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। फिलहाल वह हॉस्‍टल में आइसोलेशन में रह रहा है।

कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के चलते राजधानी में अब तक कुल 23 लोग कोरोना से संक्रमित पाए जा चुके हैं। इसमें से 16 केस एक्टिव हैं। वहीं सूबे के स्वास्थ्य मंत्री व उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि कोविड को लेकर घबराने की स्थिति नहीं है। केवल गंभीर रोगी और वृद्ध लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सरकार ने हर स्तर पर पूरे इंतजाम किए हुए हैं। समीक्षा की जा रही है। ऑक्सीजन प्लांट और अस्पताल में सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button