
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के पहासू कस्बे में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। यहां राम मंदिर को लेकर वायरल हो रही एक पोस्ट को लेकर हिंदू संगठन आक्रोशित हैं। वायरल हो रही पोस्ट बाबरी मस्जिद के समर्थन में है। पुलिस ने पोस्ट शेयर करने वाले 4 लड़कों को हिरासत में लिया है।
बता दें कि इससे पहले साल 2017 में भी पहासू के मुस्लिम समुदाय के एक युवक ने विवादित पोस्ट की थी। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद भी यहां गंभीर तनाव की स्थिति बन गई थी। तब यहां पर स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पीएसी और कई थानों का पुलिस बल तैयान करना पड़ गया था। फिलहाल मौजूदा मामले में पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बुलंदशहर में 19,100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी थी। ये प्रोजेक्ट रेल, रोड, तेल, गैस, शहरी विकास और आवास जैसे सेक्टर्स से जुड़े हैं। मोदी ने 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामनाएं भी दी थीं। उन्होंने कहा था कि बुलंदशहर विकास की राह पर तेजी से बढ़ेगा।