
लखनऊ। गुजरात के अहमदाबाद में एक बड़ा प्लेन हादसा हो गया है।दोपहर हुए प्लेन क्रैश में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी समेत 265 लोगों की जान चली गई है। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना है। साथ ही, घटना स्थल का भी निरीक्षण किया है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने इस हादसे की तकनीकी रूप से जांच की मांग की है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि तकनीकी रूप से इसकी जांच होनी चाहिए। दरअसल, प्लेन में सवार 242 में से 241 लोगों की जान चली गई है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि अहमदाबाद में हुई घटना हृदयविदारक है। अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 में जिस तरह दुर्घटना घटी वह चिंता का विषय है। इतनी कीमती जाने चली गई है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि इसकी तकनीकी रूप से जांच होनी चाहिए। मुझे बहुत दुख से कहना पड़ रहा है कि हमारे कई परिवार बिखर गए हैं।
वहीं, विमान हादसे में जान गंवाने वालों को आम आदमी पार्टी ने श्रद्धांजलि दी है। आप प्रदेश निवर्तमान अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि अहमदाबाद में हुए इस भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध और शोकाकुल कर दिया है। यह हादसा सैकड़ों सपनों का असमय अंत है। हादसे में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, आम आदमी पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।