होली पर होता है भगोरिया मेले का आयोजन

होली का त्योहार अपने आप में तमाम रंग समेटे हुए है। इसके के रंग जीवन में नई उमंग और खुशियों की बहार लाते हैं। होल्यारों का हुल्लड़ तो आम है लेकिन अलग-अलग इलाकों पर इसे मनाने के तरीके अलग-अलग हैं। कहीं होली पर होली मिलन समारोह होते हैं तो कहीं मेलों का आयोजन होता है। इसी तरह मध्य प्रदेश में आदिवासी बहुल इलाकों में होली के मौके पर बाजार लगता है, जिसमें भगोरिया मेले का आयोजन किया जाता है। यह अपने आप में बेहद खास है। इसमें विवाह योग्य युवक और युवतियां अपने जीवनसाथी का चयन करते हैं।
मध्य प्रदेश के खरगोन, झाबुआ, बड़वानी, धार, अलीराजपुर जैसे अनुसूचित जनजातीय बहुल इलाकों में होली के मौके पर भोंगर्या या भगोरिया लोक पर्व मनाया जाता है। होली के सात दिन पहले आदिवासी बहुल इलाकों में भगोरिया मेले का आयोजन होता है। इसे लेकर इलाके में काफी उत्सुकता रहती है। बच्चे हों या बूढ़े हर कोई सज-धजकर पहुंचता है। यहां ढोल-नगाड़े बजते हैं। हर कोई एक-दूसरे से सद्भाव से मिलता है।
स्थानीय आदिवासी समुदाय की संस्कृति की झलक देने वाले भगोरिया मेले में आदिवासी महिलाएं खास तौर पर सज-संवरकर पहुंचती हैं। बताया जाता है कि इस मेले में विवाह योग्य युवक और युवतियां एक-दूसरे के लिए जीवनसाथी ढूंढते हैं। अगर किसी युवक को कोई लड़की पसंद आती है तो उसे उस लड़की को खाने के लिए पान देना होता है। अगर लड़की पान खा लेती है तो समझा जाता है कि उसने विवाह के लिए हां कर दी है। इसके बाद युवक और युवती भगोरिया मेले से भाग जाते हैं और शादी कर लेते हैं।
इसके अलावा जीवनसाथी को चुनने का एक और तरीका अपनाया जाता है। अगर किसी युवक को कोई युवती पसंद आती है तो वह उसे गुलाबी रंग लगाता है। अगर लड़की की भी हां है तो वह भी लड़के को रंग लगाएगी। इस तरीके से भी वैवाहिक रिश्ता तय होता है।

भगोरिया हाट मध्य प्रदेश के आदिवासी समुदाय के सबसे बड़े त्योहारों में से एक है। मान्यता है कि भगोरिया की शुरुआत राजा भोज के दौरान दो भील राजाओं कासूमार और बालून ने भगोर में की थी। इसके बाद से इसे मनाया जाने लगा। अब यह हाट और मेले के रूप में मनाया जाता है। हालांकि एक मान्यता यह भी है कि माताजी के श्राप से भगोर नामक गांव उजड़ गया था। बाद में इसे फिर से बसाया गया। इसलिए यहां वार्षिक मेला आयोजित किया जाता है।

Abraham Hicks - Relationships - Be secure regardless of what he does be secure - Duration:.

Related Articles

Back to top button